Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बीच नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। जूली ने आरोप लगाया कि चुनाव में हार की आशंका से भाजपा बौखला गई है और सत्ता के दुरुपयोग के साथ राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। यह बयान सवाई माधोपुर जिले के बामनवास में एक बैठक के दौरान भाजपा की एक नेता द्वारा मतदाताओं को कथित तौर पर धमकाने का वीडियो सामने आने के बाद आया है।

जूली के मुताबिक, बामनवास पंचायत समिति की प्रधान शशिकला मीणा ने भाजपा विधायक जितेंद्र गोठवाल, पार्टी प्रत्याशी राजेंद्र मीणा और खंडार प्रधान नरेंद्र चौधरी की मौजूदगी में लोगों को धमकी दी। जूली ने आरोप लगाया कि मतदाताओं से कहा गया कि अगर उन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया तो उन्हें पुलिस थानों के चक्कर लगाने पड़ेंगे। हालांकि, इन आरोपों पर भाजपा की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सत्ता के नशे में चूर है भाजपा
नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता सत्ता के नशे में लोकतंत्र को अपनी जागीर और सरकारी तंत्र को राजनीतिक हथियार समझने लगे हैं। जूली ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बजाय सरकार के संरक्षण में की जा रही ‘खुली राजनीतिक गुंडागर्दी’ बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि यह सिर्फ अहंकार नहीं, बल्कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा को दिखाई दे रही हार की हताशा है।
चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
जूली ने निर्वाचन आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आयोग पर भाजपा की कठपुतली की तरह काम करने और पूरे मामले में मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता डरने वाली नहीं है। जूली ने दावा किया कि जनता चुनाव में भाजपा की कथित धमकियों, तानाशाही और सत्ता के दुरुपयोग का ब्याज समेत हिसाब करेगी।
9 और 11 सितंबर को मतदान
राजस्थान में 309 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। इन चुनावों में 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाओं में पार्षद के कुल 10,245 पदों के लिए मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। इसके बाद शहरी निकायों के प्रमुखों का चुनाव 21 सितंबर को होगा। वहीं उप महापौर, उप सभापति और उपाध्यक्ष के चुनाव 22 सितंबर को कराए जाएंगे। भाजपा और निर्वाचन आयोग ने टीकाराम जूली के इन आरोपों पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
पढ़ें ये खबरें
- CG News: नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोपी व्याख्याता सस्पेंड, पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज है मामला
- चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित, भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
- ‘मोदी की काशी’ में सपा ने लगाई सेंध! वाराणसी शिक्षक सीट पर 4,898 वोटों से दी करारी मात, जानें कैसे पलटा पूरा बाजी
- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबला, न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच मैच 4-4 से ड्रॉ, युवराज वाल्मीकि की शानदार हैट्रिक
- बांधों में पानी का स्तर घटने से पेयजल और सिंचाई पर मंडराया संकट, जानिए पूरा मामला
