Rajasthan Nikay Chunav 2026: उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने शनिवार को अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लेकसिटी में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाया और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। सूरजपोल चौराहे से शुरू हुआ रोड शो बापू बाजार होते हुए देहली गेट बैंक तिराहे तक पहुंचा। रास्ते में भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न समाजों और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

रोड शो से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सूरजपोल चौराहे पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद वह खुली गाड़ी में सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। उनके साथ जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा मौजूद रहे।

BJP ने रखा 60 से ज्यादा सीटों का लक्ष्य

उदयपुर नगर निगम चुनाव भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है। पार्टी लंबे समय से यहां नगर निगम बोर्ड पर काबिज रही है। इस बार 80 वार्डों में भाजपा ने 60 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।

नए परिसीमन के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच भाजपा ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। बागी प्रत्याशी और संभावित भितरघात भी पार्टी के सामने चुनौती हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का रोड शो भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

मेयर पद इस बार सामान्य होने और वार्डों के नए परिसीमन के कारण भी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘उदयपुर में फिर भाजपा’ के नारे लगाए।

कांग्रेस पर CM भजनलाल का हमला

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किया, उनके मंत्री और अधिकारी जेल में हैं और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर चुनाव के समय केवल मुद्दे उछालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का धरातल नहीं बचा है।

सीएम ने कांग्रेस सरकार के समय तीन नगर निगमों को बढ़ाकर छह किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इसे समाप्त किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।

78 फीसदी वादे पूरे करने का दावा

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले संकल्प पत्र में किए गए वादों में से 78 फीसदी वादे पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने रामजल सेतु योजना, नर्मदा के पानी को आगे बढ़ाने और उदयपुर की देवास परियोजना को गति देने का जिक्र किया।

रोडवेज के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि रोडवेज कभी मुनाफे में नहीं आ सकती। भाजपा सरकार ने एक हजार नई रोडवेज बसें खरीदी हैं और एक हजार और बसें खरीदी जाएंगी।

बोले- निकायों के विकास के लिए ट्रिपल इंजन जरूरी

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निकायों और पंचायतों के विकास के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी है। मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से एक-एक वार्ड में मजबूती से जुटने और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की बात कही।

पढ़ें ये खबरें