Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर टिकट की दावेदारी तेज हो गई है। जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर समेत कई शहरों में टिकट मांगने वालों ने आवेदन किए हैं। पार्टियों ने अब आवेदनों की छंटनी शुरू कर दी है। बीजेपी और कांग्रेस जल्द ही हर वार्ड से तीन-तीन दावेदारों का पैनल तैयार करेंगी। इसके बाद अंतिम फैसला प्रदेश स्तर पर होगा। जयपुर के 150 वार्डों के लिए बीजेपी में 2500 से ज्यादा आवेदन आए हैं, जिनमें करीब 1000 बायोडाटा महिलाओं के हैं।

1000 महिलाओं की दावेदारी

जयपुर के 150 वार्डों में बीजेपी के टिकट के लिए 2500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने आवेदन किया है। इनमें करीब 1000 बायोडाटा महिलाओं के हैं। इससे साफ है कि सामान्य यानी अनारक्षित वार्डों में भी महिला दावेदार बड़ी संख्या में टिकट की दौड़ में हैं। जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष अमित गोयल के मुताबिक, 31 अगस्त आवेदन की आखिरी तारीख है। ऐसे में प्रत्याशियों की सूची इससे दो-तीन दिन पहले भी जारी हो सकती है। गोयल ने बताया कि टिकट के लिए केवल आवेदन करना पर्याप्त नहीं होगा। पार्टी अपने स्तर पर सर्वे कराएगी। उम्मीदवार की जीत की संभावना, संगठन में सक्रियता, जनसेवा और पुराने राजनीतिक व सामाजिक रिकॉर्ड को भी देखा जाएगा।

सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता

अमित गोयल के मुताबिक, बीजेपी टिकट वितरण में उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी, जो लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे हैं। संबंधित वार्ड में उनकी सक्रियता और जनता के बीच पकड़ भी अहम होगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल से कार्यकर्ताओं और आम जनता में उत्साह बढ़ा है। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए पार्टी से टिकट मांग रहे हैं।

कांग्रेस से BJP में आए नेताओं के लिए भी टिकट का रास्ता खुला

कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं की दावेदारी पर भी पार्टी विचार करेगी। अमित गोयल ने कहा कि अगर पार्टी के सर्वे में कोई ऐसा व्यक्ति मजबूत और जीतने की स्थिति में पाया जाता है तो उसे टिकट दिया जा सकता है। हालांकि, अगर उसी वार्ड में कोई पुराना बीजेपी कार्यकर्ता ज्यादा मजबूत दावेदार है और जीत की संभावना रखता है, तो पार्टी पुराने कार्यकर्ता को प्राथमिकता देगी। यानी टिकट का आधार सर्वे और जीतने की क्षमता होगी।

सामान्य वार्डों में महिलाओं की दावेदारी पर भी नजर

जयपुर में सामान्य यानी अनारक्षित वार्डों में महिलाओं की मजबूत दावेदारी ने बीजेपी के सामने नया समीकरण खड़ा किया है। इन वार्डों में महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवार चुनाव लड़ सकते हैं। गोयल के मुताबिक, पार्टी ऐसे उम्मीदवार को प्राथमिकता देगी जिसकी जीत की संभावना ज्यादा हो। किसी वार्ड में किसी समाज की आबादी अधिक होने और उस समाज के मजबूत उम्मीदवार होने की स्थिति में भी पार्टी विचार करेगी। अगर सामान्य वार्ड में महिला उम्मीदवार की जीत की संभावना ज्यादा रही तो बीजेपी उन्हें मैदान में उतारने पर विचार करेगी।

अजमेर में BJP-कांग्रेस को मिले 1000-1000 से ज्यादा आवेदन

अजमेर नगर निगम के 80 पार्षद पदों के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों को एक-एक हजार से ज्यादा आवेदन मिले हैं। कई वार्डों में 10 से 15 दावेदार हैं, जबकि कुछ वार्डों में यह संख्या 20 से 30 तक पहुंच गई है। बीजेपी ने वार्ड स्तर पर कमेटी बनाई है। यह कमेटी दावेदारों की जीत की संभावना, पार्टी के प्रति निष्ठा और क्षेत्र में उनकी सक्रियता का आकलन करेगी। इसके बाद तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा।

कांग्रेस ने भी वार्ड स्तर पर दावेदारों का आकलन शुरू कर दिया है। पार्टी से जुड़े रहने, कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी और चुनाव जिताने की क्षमता को आधार बनाया जा रहा है।

कोटा में BJP के 700 से ज्यादा, कांग्रेस के 550 से ज्यादा आवेदन

कोटा में 100 पार्षद पदों के लिए कांग्रेस को 550 से ज्यादा आवेदन मिले हैं। वहीं बीजेपी में 700 से ज्यादा दावेदारों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रमुख शहरों में पार्षद टिकट के लिए राजनीतिक दलों के सामने दावेदारों की बड़ी संख्या है। अब पार्टियों की चुनौती इनमें से मजबूत और जिताऊ उम्मीदवारों का चयन करना है।

उदयपुर में सिफारिशों का दौर

उदयपुर में टिकट दावेदारों की सक्रियता के साथ सिफारिशों का दौर भी चल रहा है। वार्डों में पर्यवेक्षकों और पार्टी नेताओं के सामने शक्ति प्रदर्शन के बाद अब वरिष्ठ नेताओं से संपर्क साधा जा रहा है। बीजेपी में वरिष्ठ नेता प्रमोद सामर और जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ के यहां दावेदारों की भीड़ देखी जा रही है। कांग्रेस में शहर जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ के यहां भी दावेदार पहुंच रहे हैं। उदयपुर में बीजेपी की स्थानीय कोर कमेटी की बैठक 25 अगस्त को होगी। वहीं, दिल्ली में मौजूद सांसद मन्नालाल रावत से दावेदार फोन के जरिए संपर्क कर रहे हैं।

पढ़ें ये खबरें