Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में निकाय चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, प्रत्याशी चयन, स्थानीय मुद्दों और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय और निकाय चुनाव प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी समेत पार्टी के प्रमुख नेता बैठक में मौजूद रहे। बीजेपी ने तय किया कि चुनाव में सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से जनता के बीच रखा जाएगा।
निकाय चुनाव में विकास और सुशासन को बनाएगी मुद्दा
बैठक में पार्टी नेताओं ने निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के साथ स्थानीय मुद्दों पर भी फोकस करने की रणनीति बनाई गई। बीजेपी का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी चुनाव में सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुख मुद्दे के तौर पर जनता के बीच ले जाएगी।
सीएम भजनलाल बोले, राजस्थान की प्यासी धरती तक पहुंचाएंगे पानी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने ढाई साल के कार्यकाल में राजस्थान के विकास को नई दिशा देने का काम किया है। उनके मुताबिक सरकार की उपलब्धियां सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि योजनाओं और परियोजनाओं को जमीन पर उतारने का काम तेजी से हुआ है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण, जल उपलब्धता, निवेश और आधारभूत ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 1 लाख 89 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का काम किया है। उन्होंने यमुना जल समझौते और राम जल सेतु को भी राजस्थान की जल जरूरतों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य बताया। सीएम ने कहा कि राजस्थान की प्यासी धरती तक पानी पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयास आने वाले समय में प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
35 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में निवेश के माहौल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसान, युवा और महिला समेत सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को बढ़ी हुई 9 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराने की बात भी कही।
कांग्रेस शासन पर भी साधा निशाना
निकाय चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के पिछले शासन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में कुशासन और भ्रष्टाचार का माहौल था, जबकि भाजपा सरकार ने सुशासन और लोक कल्याण की सरकार स्थापित की है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा सरकार के इन्हीं कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
मदन राठौड़ बोले, बूथ स्तर तक तैयार है संगठन
बैठक के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी संगठन हर समय चुनाव के लिए तैयार रहता है। उन्होंने दावा किया कि आगामी निकाय चुनावों को लेकर बीजेपी की बूथ स्तर तक तैयारी पूरी है और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
प्रत्याशी चयन में भाई-भतीजावाद नहीं होगा: मदन राठौड़
मदन राठौड़ ने कहा कि प्रत्याशी चयन में स्थानीय स्तर पर जनता के बीच प्रभाव, संगठन के प्रति समर्पण और जनविश्वास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवा, महिला और कमजोर वर्गों की भी प्रत्याशी चयन और चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन में भाई-भतीजावाद, पक्षपात या व्यक्तिगत दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनके मुताबिक जनता की पसंद और जीत की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश रहेगी कि जनता जिस व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि देखना चाहती है, उसे ही चुनाव लड़ने का अवसर मिले।
पढ़ें ये खबरें
- भाजपा अगर नहीं रुकेगी तो…निगेटिव फोटो डालने का दावा कर भड़के अखिलेश यादव, दे डाली खुली चेतावनी
- पंजाब में बाल भिक्षावृत्ति पर मान सरकार का बड़ा एक्शन, 39 बच्चे रेस्क्यू; 6 का स्कूलों में होगा दाखिला
- CG DEO Transfer News: शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, कई जिलों के बदले गए जिला शिक्षा अधिकारी , देखें पूरी सूची..
- जदयू कार्यालय में हंगामा, मंत्री के सामने चाचा पर भतीजी ने लगाया संपत्ति हड़पने का आरोप
- धान कटाई से पहले कैथल प्रशासन का बड़ा प्लान, पराली जलाई तो होगी कार्रवाई; गांव-गांव निगरानी के निर्देश


