Rajasthan Nikay Chunav Result 2026 के नतीजों में भाजपा ने बड़ा उलटफेर करते हुए 10 में से 7 नगर निगमों में बढ़त बना ली है। वहीं अजमेर में कांग्रेस 36 साल बाद नगर निगम में बोर्ड बनाने के करीब पहुंच गई है। पाली में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर भाजपा को उसके मजबूत माने जाने वाले क्षेत्र में झटका दिया है। एक नगर निगम में निर्दलीय आगे चल रहे हैं।

पाली में कांग्रेस की जीत, BJP को गढ़ में झटका

पाली में कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज कर ली है। पाली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का गढ़ माना जाता है। ऐसे में यहां कांग्रेस की जीत को भाजपा के लिए अहम झटका माना जा रहा है। वहीं उदयपुर के वार्ड नंबर 17 में कांग्रेस शहर अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ की पत्नी पूनम कंवर ने भी जीत दर्ज की है।

अजमेर में 36 साल बाद बोर्ड बनाने की तैयारी

अजमेर नगर निगम के नतीजों ने कांग्रेस की उम्मीद बढ़ा दी है। कांग्रेस 36 साल बाद यहां बोर्ड बनाने के करीब पहुंच गई है। चुनाव परिणामों में यह प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक उलटफेर में से एक बनकर सामने आया है।

जयपुर में सुनील कोठारी की बड़ी जीत

जयपुर नगर निगम में मेयर की दौड़ में शामिल सुनील कोठारी ने 900 से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। भाजपा ने निर्वतमान मेयर कुसुम यादव का टिकट काटकर सुनील कोठारी को मैदान में उतारा था। जयपुर के वार्ड 113 में कांग्रेस प्रत्याशी ने रिकॉर्ड 10,014 वोटों से जीत दर्ज की है। जयपुर नगर निगम में इस चुनाव में सबसे ज्यादा 723 उम्मीदवार मैदान में थे और कुल 150 वार्ड हैं।

जोधपुर में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष हारे

जोधपुर में भी बड़ा चुनावी उलटफेर देखने को मिला। कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष चुनाव हार गए। उन्हें भाजपा के मेघराज लोहिया ने हराया। मेघराज लोहिया पूर्व राज्यमंत्री रह चुके हैं।

तीन नगर निगमों में पहली बार हुए चुनाव

अलवर, भीलवाड़ा और पाली में पिछले चुनाव नगर परिषद के तौर पर हुए थे। नगर निगम बनने के बाद इन तीनों निकायों में यह पहला चुनाव है। इसलिए यहां के नतीजे स्थानीय राजनीति के लिहाज से खास महत्व रखते हैं। 10 नगर निगमों में भरतपुर में सबसे ज्यादा 73.68 प्रतिशत मतदान हुआ था। जोधपुर में 71.95 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। अब इन मतदान आंकड़ों के बाद सामने आए नतीजों ने कई निकायों में पुराने राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं। इसके अलावा पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के दामाद के भाई आकाश वागरेचा ने वार्ड नंबर 5 से चुनाव जीत दर्ज की है।

पढ़ें ये खबरें