Rajasthan Panchayat Chunav 2026: राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के बीच झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ से कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार का एक बयान चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विधायक एक चुनावी सभा के दौरान कहते नजर आ रहे हैं कि अगर गांव में किसी लड़के की सगाई करवानी हो, तो वे इसके लिए भी प्रयास करेंगे। बताया जा रहा है कि विधायक एक प्रत्याशी के समर्थन में ग्रामीण इलाके में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।

चुनावी सभा में क्या बोले विधायक श्रवण कुमार?

वायरल वीडियो के मुताबिक, विधायक श्रवण कुमार ने ग्रामीणों से कहा कि वे गांव का कोई भी काम बताएं, उसे पूरा करवाने की कोशिश की जाएगी। इसी दौरान उन्होंने लड़के की सगाई करवाने की बात भी कही। वीडियो में सभा में मौजूद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी दिखाई देती हैं। विधायक का यह कथित बयान सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहा है। इसे लेकर लोगों के बीच चर्चा हो रही है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पहले अनीता सैनी भी शादी के बयान को लेकर आई थीं चर्चा में

राजस्थान में चुनावी माहौल के बीच युवकों की शादी करवाने से जुड़ा बयान पहले भी चर्चा में आ चुका है। झाझड़ गांव की सरपंच पद की उम्मीदवार अनीता सैनी ने भी कुंवारे युवकों की शादी करवाने का दावा किया था। अनीता सैनी ने कहा था कि गांव में किसी युवक को शादी के लिए दुल्हन मिलने में परेशानी हो रही है, तो चुनाव जीतने के बाद वह उसका विवाह करवाने की जिम्मेदारी लेंगी।

शादी के लिए दूसरे गांव और राज्यों तक जाने का किया था दावा

अनीता सैनी ने अपने बयान में कहा था कि जरूरत पड़ने पर उन्हें दूसरे गांव में एक-दो दिन रुकना पड़े या दूसरे राज्यों तक जाना पड़े, तो भी वह पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने यह भी कहा था कि आवश्यकता पड़ने पर शादी के लिए पूरे गांव के लोगों को लेकर विशेष ट्रेन बुक करवाने की व्यवस्था तक की जा सकती है।

पढ़ें ये खबरें