Rajasthan Panchayat Election 2026 को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पंचायत राज विभाग से मिली वार्ड आरक्षण संबंधी जानकारी का परीक्षण शुरू हो चुका है। आयोग इसी सप्ताह चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। मौजूदा तैयारी के मुताबिक पंचायत चुनाव चार चरणों में कराए जाने की संभावना है।

प्रदेश में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के कुल 1 लाख 40 हजार 237 वार्ड सदस्यों और 14 हजार 403 सरपंचों का चुनाव होना है। जिला परिषद के 1,403 वार्ड सदस्य 41 जिला प्रमुखों का चुनाव करेंगे। वहीं पंचायत समितियों के 8,245 वार्ड सदस्य 457 प्रधान चुनेंगे।

चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देने की तैयारी

राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ चर्चा कर चुनावी तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचाना शुरू कर दिया है। अब वार्ड आरक्षण से जुड़ी जानकारी के परीक्षण के बाद चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा। चुनाव में अलग-अलग स्तर पर मतदान के लिए अलग व्यवस्था रहेगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल होगा। वहीं ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्यों और सरपंचों के चुनाव मतपत्रों से कराए जाएंगे।

पंचायतों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण

राजस्थान की पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था है। इसी वजह से पंचायती राज संस्थाओं में महिला जनप्रतिनिधियों की संख्या 50 फीसदी से अधिक है।

2019 के मुकाबले बढ़े पंचायत स्तर के पद

2026 में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में कई पदों की संख्या 2019 के मुकाबले बढ़ी है।

संस्थानपद20192026
जिला परिषदजिला प्रमुख3341
जिला परिषदसदस्य1,0141,403
पंचायत समितिप्रधान352457
पंचायत समितिसदस्य6,9958,245
ग्राम पंचायतसरपंच11,32014,403
ग्राम पंचायतपंच1,09,2281,30,589

पंचायत चुनाव को लेकर सीएम भजनलाल का सियासी संदेश

पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को भरतपुर संभाग से लेकर अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ तक विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने पंचायत चुनाव को लेकर भी संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने करीब 1,100 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने निकाय चुनाव की सफलता को पंचायत चुनाव में दोहराने के लिए ट्रिपल इंजन के जरिए विकास का खाका खींचने का आह्वान किया।

इस दौरान सड़क, पेयजल, चिकित्सा, शिक्षा और बिजली से जुड़े कार्यों की घोषणाएं भी की गईं। भरतपुर जिले के बयाना के बिड्यारी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भरतपुर संभाग के तहत करीब 453 करोड़ रुपए के 65 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 540 करोड़ रुपए के 184 नए विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

पढ़ें ये खबरें