Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 का इंतजार खत्म हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार को 14,403 ग्राम पंचायतों, 457 पंचायत समितियों और 41 जिला परिषदों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने चार चरणों में होने वाले मतदान की तारीखों का ऐलान किया। पंच और सरपंच के लिए पहला मतदान 25 अक्टूबर को होगा, जबकि आखिरी चरण की वोटिंग 16 नवंबर को होगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए पहला मतदान 23 अक्टूबर को होगा।

चार चरणों में पंच-सरपंच के चुनाव

पंच और सरपंच पद के लिए मतदान चार चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में 25 अक्टूबर को 3,672 ग्राम पंचायतों, दूसरे चरण में 31 अक्टूबर को 3,626 ग्राम पंचायतों, तीसरे चरण में 6 नवंबर को 3,605 ग्राम पंचायतों और चौथे चरण में 16 नवंबर को 3,500 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। वहीं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान का पहला चरण 23 अक्टूबर, दूसरा 29 अक्टूबर, तीसरा 4 नवंबर और चौथा 13 नवंबर को होगा।

EVM और बैलेट पेपर दोनों से होगा मतदान

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के मुताबिक, इस बार चुनाव में हाइब्रिड मतदान व्यवस्था रहेगी। पंच और सरपंच के चुनाव मतपत्र से होंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए EVM का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोग ‘वन स्टेट वन इलेक्शन’ की अवधारणा के तहत त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव एक साथ कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बारां, श्री गंगानगर, करौली और कोटा जिलों की कुछ संस्थाओं का कानूनी कार्यकाल बचा हुआ है। इसलिए वहां चुनाव 22 दिसंबर 2026 के बाद कराए जाएंगे।

8 अक्टूबर से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया

जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए 8 अक्टूबर को लोकसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी। पंचायत समिति सदस्यों और पंच-सरपंच के चुनाव के लिए संबंधित चरणों के अनुसार अलग-अलग नामांकन प्रक्रिया चलेगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके तहत नए टेंडर, नई योजनाएं, नए विकास कार्य और नए कार्यादेश जारी नहीं किए जा सकेंगे। हालांकि, आचार संहिता लागू होने से पहले जारी कार्यादेश और पहले से चल रहे विकास कार्य जारी रहेंगे।

20 नवंबर को होगी मतगणना

पंच और सरपंच के चुनाव की खास बात यह है कि मतदान खत्म होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना शुरू होगी। प्रत्येक चरण के बाद अगले दिन उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। इसके विपरीत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के वोटों की गिनती सभी चरणों का मतदान पूरा होने के बाद 20 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर सुबह 8 बजे से होगी।

जिला प्रमुख से उपप्रधान तक कब चुनाव?

चुनावी प्रक्रिया मतदान और मतगणना के बाद भी जारी रहेगी। 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान के चुनाव होंगे। इन पदों के चुनाव के लिए बैठक सुबह 10 बजे से होगी। जरूरत पड़ने पर दोपहर 3 से 5 बजे के बीच मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

पढ़ें ये खबरें