Rajasthan Panchayat Election 2026 के तीसरे चरण की वोटिंग की तारीख को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जालोर के सांचौर से निर्दलीय विधायक जीवाराम चौधरी ने 4 और 6 नवंबर को होने वाले मतदान की तारीख बदलने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में राजस्थान निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखा है। विधायक का कहना है कि इन तारीखों के आसपास धार्मिक त्योहार होने से बड़ी संख्या में मतदाता व्यस्त रह सकते हैं और मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है।

विधायक चौधरी ने पत्र में कहा है कि राजस्थान के कई मतदाता रोजगार और व्यवसाय के सिलसिले में राज्य से बाहर रहते हैं। त्योहार के दौरान उनके अपने निर्वाचन क्षेत्र में पहुंचकर मतदान करने की संभावना कम हो सकती है। ऐसे में कुछ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित रह सकते हैं।

6 नवंबर को धनतेरस, 3605 ग्राम पंचायतों में मतदान

पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में 3605 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच के लिए वोटिंग होनी है। 6 नवंबर को मतदान के साथ ही धनतेरस का त्योहार भी है। वोटिंग के दिन ही देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके अगले दिन यानी छोटी दीपावली पर उपसरपंच का चुनाव होगा।

विधायक ने मांगी दूसरी तारीख

जीवाराम चौधरी ने जनहित और ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी का हवाला देते हुए तीसरे चरण के चुनाव की तारीखों में संशोधन की मांग की है। उन्होंने चुनाव आयोग से अन्य उपयुक्त तारीख तय करने का आग्रह किया है। विधायक के मुताबिक तारीख बदलने से मतदाताओं को मतदान के लिए पर्याप्त अवसर मिल सकेगा और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में जनभागीदारी बेहतर तरीके से सुनिश्चित हो सकेगी।

पढ़ें ये खबरें