Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शुक्रवार को राजसमंद में पंचायतराज चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक की।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। राठौड़ ने साफ कहा कि पंचायतराज चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है और पार्टी जिसे टिकट दे, सभी को उसी उम्मीदवार की जीत के लिए पूरी ताकत से काम करना होगा।

भाई-भतीजावाद से दूर रहने की नसीहत
मदन राठौड़ ने मंच से स्पष्ट कहा कि चुनाव में भाई-भतीजावाद के चक्कर में नहीं पड़ना है। उनका जोर पार्टी को विजयी बनाने पर रहा। उन्होंने विधायकों से कहा कि टिकट किसी एक व्यक्ति को ही मिलेगा, लेकिन टिकट मिलने के बाद सभी कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार के साथ खड़ा होना होगा। विधायकों को भी उसकी जीत के लिए पूरी ताकत लगाने की नसीहत दी गई।
टिकट नहीं मिलने वालों को भी मिलेगा सम्मान
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में जिन कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिलेगा, उन्हें भी पार्टी में सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने संगठन के सभी लोगों को साथ लेकर चलने का संदेश दिया। राठौड़ ने जनप्रतिनिधियों को पिछले निकाय चुनाव की सफलता के बावजूद रह गई कमियों से सीख लेने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में उन कमियों को दोहराने से बचना होगा।
विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ा पंचायतराज चुनाव
बैठक में मदन राठौड़ ने पंचायतराज चुनाव को विकसित भारत के लक्ष्य से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि देश विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को गति देने के लिए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भाजपा को प्रचंड विजय दिलाने का आह्वान किया।
राहुल गांधी पर लगाए अस्थिरता पैदा करने के आरोप
मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत को अस्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं और विदेशी फंडिंग के माध्यम से देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत विकसित और समृद्ध देशों की कतार में आगे बढ़ रहा है और इससे कई लोगों और देशों को ईर्ष्या हो रही है।
जंतर-मंतर के बयानों पर जताई आपत्ति
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने वहां दिए गए बयानों की निंदा की और ऐसी मानसिकता को समाप्त करने की जरूरत बताई। राठौड़ ने कहा कि भारत की प्रतिष्ठा को दूसरे देशों में गिराने का प्रयास करने वाली मानसिकता को रोकना होगा।
वंदेमातरम् को लेकर कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष
वंदेमातरम् के संदर्भ में मदन राठौड़ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी का जिक्र किया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इन लोगों को वंदेमातरम् और उसके सम्मान की जानकारी तक नहीं है। राठौड़ ने कहा कि उनका आशय यह है कि विरोधी भी राष्ट्रभक्त होना चाहिए।
राजस्थान को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बताया
मदन राठौड़ ने राजस्थान की भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली के क्षेत्र में प्रदेश को आत्मनिर्भर बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान अब बिजली बेचने में सक्षम हो गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रमुख और प्रधान गांवों को विकसित गांव बनाने के लिए धन की मांग करते हैं तो उसे उपलब्ध कराने की गारंटी है। राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले देश में भ्रष्टाचार और घोटालों की चर्चा होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद एक भी घोटाला नहीं हुआ। इस दौरान उन्होंने देश में पूर्व में हुए घोटालों का भी उल्लेख किया।
पढ़ें ये खबरें
- हसदेव नदी के पुल से आरक्षक ने लगाई छलांग! बाइक के पास मोबाइल और आईडी कार्ड मिले, तलाश में जुटी SDRF
- एमपी कांग्रेस में मुख्यमंत्री की दावेदारी को लेकर आपसी खींचतान, किसान प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बोले- बिना किसी फैसले जीतू पटवारी को 2028 के लिए CM पद का दावेदार प्रोजेक्ट कर दिया
- घायल बुजुर्ग का 12 दिनों तक चला इलाज, फिर भी नहीं बची जान, अपने ही बने जान के दुश्मन, जानें पूरी सच्चाई
- ‘फ्री कश्मीर, फ्री शरजील…’, जामिया में लगे आपत्तिजनक नारे, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद डिटेन
- पंजाब रोडवेज कर्मचारियों का धरना खत्म, 24 अक्टूबर को वित्त मंत्री के साथ होगी अहम बैठक
