Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव का बिगुल बजते ही युवा नेता नरेश मीणा ने अपने चुनावी प्लान का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि बारां, बूंदी और देवली-उनियारा की 8 विधानसभा सीटों के क्षेत्रों में उनके समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे। नरेश मीणा के मुताबिक आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन तय हो चुका है और इन इलाकों में पार्टी के चुनाव चिन्ह झाड़ू के पक्ष में पूरी ताकत लगाई जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और भारत आदिवासी पार्टी को तीसरे मोर्चे में शामिल करने को लेकर बातचीत चल रही है। पंचायत चुनाव को उन्होंने 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे को मजबूत करने की दिशा में अहम मौका बताया।
90 फीसदी से ज्यादा उम्मीदवार होंगे युवा
नरेश मीणा ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से तारीखों की घोषणा होते ही प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। टिकट वितरण में 90 फीसदी से ज्यादा उम्मीदवार युवा होंगे। उन्होंने कहा कि नए और साफ छवि वाले युवाओं को मौका दिया जाएगा। इसके साथ ही पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान भी बरकरार रखा जाएगा। 8 मुख्य विधानसभा क्षेत्रों के अलावा पीपल्दा, मनोहरथाना, खानपुर और सांगोद में भी उम्मीदवार उतारने को लेकर विचार किया जा रहा है।
अटरू से बारां तक प्रमुख चेहरों के नाम सामने
नरेश मीणा ने पंचायत चुनाव के लिए कुछ प्रमुख चेहरों का भी ऐलान किया है। अटरू प्रधान के लिए वंदना नागर का नाम सामने रखा गया है। वंदना नागर अटरू की मौजूदा प्रधान हैं और कांग्रेस छोड़कर तीसरे मोर्चे के साथ आई हैं। बारां प्रधान के लिए ममता नागर को चेहरा बनाया गया है। वह पूर्व कांग्रेस विधायक और जिलाध्यक्ष शिवनारायण नागर की बेटी हैं। छबड़ा प्रधान के लिए सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण शर्मा और बारां जिला प्रमुख के लिए पूर्व प्रधान संदीप शर्मा का नाम सामने आया है।
जातिगत राजनीति के आरोप पर नरेश मीणा का जवाब
खुद पर लग रहे जातिगत राजनीति के आरोपों को नरेश मीणा ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की रही है। उन्होंने बारां जिला प्रमुख के लिए संदीप शर्मा के नाम का हवाला देते हुए कहा कि तीसरा मोर्चा किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक पंचायत समितियों और जिला परिषद में सभी जातियों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
बारां नगर परिषद के नतीजों का दिया हवाला
नरेश मीणा ने हाल में हुए बारां नगर परिषद के प्रदर्शन और अंता विधानसभा क्षेत्र में मिले समर्थन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता बदलाव चाहती है। उनका दावा है कि बारां नगर परिषद में कांग्रेस और भाजपा दोनों को जिस तरह हार का सामना करना पड़ा, वैसा ही परिणाम अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। पंचायत चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब नरेश मीणा की रणनीति का अगला चरण उम्मीदवारों के नाम और तीसरे मोर्चे में शामिल होने वाले दलों को लेकर स्पष्ट होगा।
पढ़ें ये खबरें
- फिरौती के लिए धमकी और टारगेट फायरिंग का मामला: पुलिस ने किया विदेशी गैंगस्टर नेटवर्क का खुलासा, दो शूटर हथियार सहित गिरफ्तार
- जयपुर कोचिंग में छात्र को 16 सेकंड में 7 थप्पड़, वीडियो वायरल होते ही सड़क पर उतरे सैकड़ों छात्र
- सरकारी गाड़ी देखते ही पिछले दरवाजे से भागा BJP पार्षद का पति! दतिया के वार्ड 31 में पुलिस की रेड, 8 पेटी शराब संग 2 गिरफ्तार
- चिराग पासवान ने चुनाव आयोग पर कही बड़ी बात, बोले- जीतना होगा जनता का विश्वास…
- जानलेवा हमला करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे: बीजेपी नेत्री का पति है आरोपी, विधायक-पुलिस पर लगाए षड्यंत्र के आरोप
