Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में निकाय चुनाव के बाद अब भाजपा ने पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 25 सितंबर को जयपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे में पांच प्रमुख कार्यक्रम होंगे। सबसे अहम बैठक मुख्यमंत्री आवास पर होगी, जहां सांसदों, विधायकों, संभाग प्रभारियों-सह प्रभारियों और पंचायत चुनाव संचालन समिति के सदस्यों के साथ निकाय चुनाव के नतीजों और संगठन के फीडबैक पर चर्चा होगी। इसके बाद पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। दादिया में नितिन नबीन 90 प्रचार रथों को भी रवाना करेंगे।

निकाय चुनाव के अनुभव पर होगी चर्चा
नितिन नबीन 24 सितंबर की रात जयपुर पहुंचेंगे। 25 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे अल्बर्ट हॉल से उनका कार्यक्रम शुरू होगा। यहां वे स्वच्छता सेवा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पर संगठन की बैठक होगी। इसमें प्रदेश के सांसद और विधायक, संभाग प्रभारी-सह प्रभारी और पंचायत चुनाव संचालन समिति से जुड़े नेता शामिल होंगे। बैठक में निकाय चुनाव के दौरान संगठन की स्थिति, चुनावी फीडबैक और जमीनी रिपोर्ट पर चर्चा होगी। निकाय चुनाव में सामने आई कमियों और अनुभवों को पंचायत चुनाव की तैयारी में शामिल करने पर भी मंथन होगा।
दादिया से पंचायत चुनाव अभियान की शुरुआत
मुख्यमंत्री आवास की बैठक के बाद नितिन नबीन बगरू के दादिया पहुंचेंगे। यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के मौके पर निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन होगा। इसमें निकाय चुनाव में निर्वाचित पार्षदों, चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों और पार्टी पदाधिकारियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। दादिया में ही नितिन नबीन 90 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये रथ प्रदेश की पंचायतों तक जाएंगे और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। भाजपा ने इसे पंचायत चुनाव के प्रचार अभियान की शुरुआत से जोड़ा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी दादिया पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दौरान निकाय चुनाव के अनुभव और संगठन के फीडबैक पर चर्चा होगी। इसके बाद पंचायत चुनाव को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
नितिन नबीन के दौरे में पांच बड़े पड़ाव
- सेवा: अल्बर्ट हॉल में स्वच्छता कार्यक्रम
- समीक्षा: मुख्यमंत्री आवास पर संगठनात्मक बैठक
- जनप्रतिनिधि सम्मेलन: दादिया में कार्यक्रम
- प्रचार अभियान: 90 प्रचार रथों की रवानगी
- युवा संवाद: बिड़ला ऑडिटोरियम में युवाओं से बातचीत
दादिया कार्यक्रम के बाद नितिन नबीन बिड़ला ऑडिटोरियम में युवा संवाद में शामिल होंगे। इसमें प्रदेशभर से आए युवाओं और विद्यार्थियों से बातचीत प्रस्तावित है।
गांवों तक संगठन पहुंचाने की तैयारी
निकाय चुनाव के बाद भाजपा अब पंचायत स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की तैयारी में जुटी है। दादिया से 90 प्रचार रथों की रवानगी इसी अभियान का हिस्सा है। पार्टी की कोशिश है कि निकाय चुनाव में इस्तेमाल हुए संगठनात्मक अनुभव को पंचायत चुनाव की तैयारियों में उतारा जाए।
पढ़ें ये खबरें
- बुलडोजर लेकर घूमने वाले अपने स्वजातियों पर कार्रवाई नहीं करते- अखिलेश यादव
- नारायण बलि पूजा: श्राद्ध पक्ष में क्यों किया जाता है यह विशेष अनुष्ठान
- उदयपुर-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस 3 अक्टूबर से होगी नियमित, मेवाड़ को मिलेगी दक्षिण भारत तक सीधी राह
- AI खुद बन गया हैकर! सिस्टम को चकमा देकर सरकारी डेटाबेस में घुसा OpenAI का एजेंट
- Big News : बड़गाईं जमीन मामले में हेमंत सोरेन की पेशी, दस्तावेजों के सत्यापन के लिए मिला समय, 30 सितंबर को आरोप गठन पर सुनवाई


