Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे चरण के लिए 3 नवंबर 2026 को 27 जिलों में मतदान होगा। इस चरण में 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव करेंगे। कुल 2,496 वार्डों में 9,094 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इसके लिए सोमवार को मतदान दल अपने निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना हो रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
तीसरे चरण में 27 जिला परिषदों के 377 वार्डों और 116 पंचायत समितियों के 2,119 वार्डों में वोट डाले जाएंगे। आयोग ने इसके लिए 11,869 मतदान केंद्र बनाए हैं। इस चुनाव में पुरुष, महिला और ट्रांसजेंडर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

27 जिलों में 9,094 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर
तीसरे चरण में जिला परिषद के 377 वार्डों में 1,305 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, पंचायत समितियों के 2,119 वार्डों में 7,789 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस तरह कुल 9,094 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतदाता करेंगे।
कुल मतदाताओं में 55 लाख 48 हजार 472 पुरुष, 51 लाख 33 हजार 51 महिला और 44 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
इन 27 जिलों में होगा मतदान
तीसरे चरण में बालोतरा, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, डीडवाना-कुचामन, डीग, धौलपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जालोर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सलूंबर, सीकर, टोंक और उदयपुर जिले में मतदान होगा।
किस जिले की कौन-सी पंचायत समिति में चुनाव?
तीसरे चरण में शामिल 116 पंचायत समितियों की जिलेवार सूची यहां देखें:
- बालोतरा: धोरीमन्ना, गिरा, गुड़ामालानी, कल्याणपुर, समदड़ी, सिंधरी
- बांसवाड़ा: आनंदपुरी, बागीदौरा, गांगड़तलाई, नाहरपुरा
- बारां: अंता, केलवाड़ा, किशनगंज, मांगरोल, नाहरगढ़, शाहाबाद
- ब्यावर: जैतारण, जवाजा, नरबदखेड़ा, रास
- भरतपुर: बयाना, भुसावर, नदबई, वैर
- बीकानेर: लूणकरणसर, रीड़ी, श्रीडूंगरगढ़
- बूंदी: तालेड़ा
- चित्तौड़गढ़: भदेसर, भूपालसागर, चित्तौड़गढ़, कपासन, राशमी
- चूरू: भानीपुरा, बीदासर, चांदगोठी (मुख्यालय राजगढ़), राजगढ़, सरदारशहर, सरदारशहर पूर्व, सिद्धमुख
- दौसा: दौसा, लालसोट, लवाण, नांगल राजावतान, रामगढ़ पचवारा, शिवसिंहपुरा, सिकंदरा, सिकराय
- डीडवाना-कुचामन: इटावा भामणियां, मकराना, नावां, परबतसर, पीवला
- डीग: बृजनगर, कामां, पहाड़ी
- धौलपुर: बाड़ी, धौलपुर, सैंपऊ
- श्रीगंगानगर: राजियासर, सूरतगढ़, विजयनगर
- हनुमानगढ़: भादरा, हनुमानगढ़ जंक्शन, नोहर, पल्लू, पीलीबंगा, राजपुरा
- जयपुर: चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी, सांगानेर
- जालोर: भाद्रूणा, चितलवाना, सांचौर, सरवाना
- झुंझुनू: गोठड़ा, गुढ़ा गौड़जी, नवलगढ़, उदयपुरवाटी
- करौली: हिंडौन, शेरपुर-सूरौठ, श्रीमहावीरजी
- खैरथल-तिजारा: किशनगढ़बास, तिजारा
- कोटपूतली-बहरोड़: बहरोड़, मांडण-कुंडला, नीमराना, विराटनगर
- प्रतापगढ़: छोटी सादड़ी, दलोट, धमोतर, धरियावद
- सवाई माधोपुर: बामनवास, बौंली, खंडार, मलारना डूंगर
- सलूंबर: गींगला, लसाड़िया, सलूंबर, सेमारी
- सीकर: दांतारामगढ़, धोद, धोद ग्रामीण (मुख्यालय सीकर), खाचरियावास, पलसाना
- टोंक: देवली, मालपुरा, पचेवर, पीपलू, उनियारा
- उदयपुर: कल्याणपुर, खेरवाड़ा, नयागांव, ऋषभदेव
बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था
राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पानी और छाया की व्यवस्था की गई है। बुजुर्ग और विशेष योग्यजन मतदाताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
आयुक्त ने तीसरे चरण में मतदान वाले जिलों के कुछ केंद्रों का खुद निरीक्षण किया है। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
5 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान
तीसरे चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए 4 नवंबर को नामांकन होंगे। इसके अगले दिन यानी 5 नवंबर को मतदान और मतगणना कराई जाएगी। 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।
इस चरण में 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 34,218 वार्ड पंच चुने जाएंगे। वहीं, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी।
चुनाव से जुड़ी जरूरी तारीखें
| तारीख | चुनाव प्रक्रिया |
|---|---|
| 3 नवंबर | जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान |
| 4 नवंबर | पंच-सरपंच पदों के लिए नामांकन |
| 5 नवंबर | पंच-सरपंच के लिए मतदान और मतगणना |
| 6 नवंबर | उपसरपंच का चुनाव |
| 20 नवंबर | जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना |
पढ़ें ये खबरें
- Ramayana: ‘रामायण’ में यंग रावण बनेंगे राघव, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के बेटे की फिल्मी दुनिया में एंट्री
- दीपावली से पहले महिलाओं को बड़ा तोहफा: कल जारी होगी महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त, अमित शाह करेंगे राशि ट्रांसफर
- परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़क की खराब गुणवत्ता पर PWD का एक्शन, ठेकेदार और अधिकारियों को नोटिस जारी
- सहारनपुर से बसपा का बड़ा सियासी दांव! आकाश आनंद ने अखिलेश को घेरा, नकुड़ सीट के लिए प्रत्याशी का किया ऐलान
- अनंत सिंह की विधायकी पर खतरा! विधानसभा ने जारी किया नोटिस, 7 दिन में देना होगा जवाब

