Rajasthan Panchayat Election 2026: कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र में शुक्रवार (30 अक्टूबर) को पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग के आरोप पर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। हरसौरा थाना क्षेत्र के माजरा अहीर गांव में पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, फिर विवाद बढ़ने पर लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाने लगे। पोलिंग बूथ के बाहर अचानक हुई मारपीट से अफरा-तफरी मच गई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त जाप्ता बुलाया।

फर्जी मतदान के आरोप पर शुरू हुआ विवाद

कोटपूतली-बहरोड़ के एसपी सतवीर सिंह के मुताबिक, माजरा अहीर गांव में मतदान के दौरान फर्जी मतदान को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों तरफ के लोग आपस में भिड़ गए। घटना के दौरान मतदान केंद्र के बाहर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कुछ समय तक बूथ के आसपास तनाव की स्थिति बनी रही।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, अतिरिक्त जाप्ता बुलाया

मतदान केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद मतदान केंद्र के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाइश देकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस की ओर से दोबारा तनाव की स्थिति पैदा नहीं होने देने के लिए निगरानी की गई।

चार पंचायत समितियों की 130 ग्राम पंचायतों में वोटिंग

कोटपूतली-बहरोड़ जिले की कोटपूतली, बानसूर, नारायणपुर और पावटा पंचायत समितियों की 130 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी था। दोपहर 1 बजे तक कोटपूतली पंचायत समिति में सबसे अधिक 50.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पावटा में 46.59 प्रतिशत, बानसूर में 45.42 प्रतिशत और नारायणपुर में 35.72 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। माजरा अहीर गांव में हुई मारपीट के बाद पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई और शांति बनाए रखने के प्रयास किए।

पढ़ें ये खबरें