Rajasthan Panchayat Election: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण की तैयारियों के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। जयपुर में एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के मामले में FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता पुलिस कमिश्नरेट के बाहर धरने पर हैं।

वहीं, भाजपा प्रदेश कार्यालय में तीसरे चरण के चुनाव के लिए 17 जिलों के प्रत्याशियों के नामों पर मंथन कर रही है। इस बीच भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी कानूनी प्रक्रिया के बजाय राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा ने उठाए सवाल

राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कांग्रेस के आंदोलन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कानून और संविधान की प्रक्रिया का पालन नहीं करना चाहती और ऐसे आंदोलनों से अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है।

चतुर्वेदी ने कहा कि आंदोलन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसके लिए निर्धारित स्थान और प्रक्रिया का पालन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नरेट के भीतर इस तरह का माहौल बनाने से जयपुर की कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस से अपनी मांगें कानूनी प्रक्रिया के तहत उठाने की अपील की।

अविनाश गहलोत बोले- चुनावी मैदान में उतरे कांग्रेस

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने भी कांग्रेस के धरने पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास प्रदर्शन और उपद्रव के अलावा कोई काम नहीं बचा है।

गहलोत ने कहा कि पंचायत चुनाव की आचार संहिता लागू है और कांग्रेस को जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को अपनी चुनावी स्थिति का अंदाजा है, इसलिए वह विरोध-प्रदर्शन कर रही है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए गहलोत ने उनके रवैये को बचपना बताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व जैसा होता है, नीचे की टीम भी वैसी ही होती है। उनके मुताबिक, इस तरह का रवैया कांग्रेस को नुकसान पहुंचाएगा।

भाजपा में 17 जिलों के प्रत्याशियों पर मंथन

कांग्रेस के प्रदर्शन पर बयानबाजी के बीच भाजपा प्रदेश कार्यालय में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया भी जारी है। पार्टी 17 जिलों के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर रायशुमारी कर रही है। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार मौजूद रहे। बुधवार को 13 जिलों के प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की जा रही है। इन जिलों में ब्यावर, डीडवाना-कुचामन, टोंक, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, सलूम्बर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, खैरथल-तिजारा, बालोतरा, बारां और बूंदी शामिल हैं। इसके बाद 22 अक्टूबर को भरतपुर, डीग, धौलपुर और सवाई माधोपुर जिलों के संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा प्रस्तावित है।

पढ़ें ये खबरें