Rajasthan Panchayati Raj Election: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव को लेकर वार्ड आरक्षण लॉटरी का मामला एक बार फिर कोर्ट पहुंच सकता है। कांग्रेस नेता संयम लोढ़ा ने लॉटरी प्रक्रिया में देरी के खिलाफ अवमानना याचिका दायर करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अगर लॉटरी तुरंत पूरी नहीं की गई तो वह हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दायर करेंगे। लोढ़ा ने मुख्य सचिव, राज्य निर्वाचन आयुक्त, पंचायतीराज विभाग के एसीएस और पंचायतीराज आयुक्त को अवमानना का लीगल नोटिस भेजने की बात कही है।

हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन हो रहा: संयम लोढ़ा
पंचायतीराज वार्ड आरक्षण लॉटरी स्थगित किए जाने पर संयम लोढ़ा ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को नवंबर तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश मिले थे। लोढ़ा के मुताबिक हाईकोर्ट ने लॉटरी प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी करने और इसके बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित करने का आदेश दिया था। उनका आरोप है कि सरकार ने 16 अगस्त की शाम अचानक लॉटरी प्रक्रिया स्थगित कर दी। लोढ़ा ने इसे हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन बताया है।
17 अगस्त को होनी थी प्रधान और सरपंच की लॉटरी
दरअसल, प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, सरपंच और वार्ड पंचों के लिए आरक्षण लॉटरी पहले 17 अगस्त को प्रस्तावित थी। अब इसके लिए नई तारीखें तय की गई हैं। नई व्यवस्था के तहत प्रधान, पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए 17 सितंबर को लॉटरी प्रस्तावित है। वहीं सरपंच और वार्ड पंचों की लॉटरी 18 सितंबर को होगी। इससे पहले 309 शहरी निकाय प्रमुखों, वार्डों और 41 जिला प्रमुखों की आरक्षण लॉटरी पूरी की जा चुकी है।
अधिकारियों के ऑनलाइन रहने का भी लोढ़ा ने किया जिक्र
संयम लोढ़ा ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के समय संबंधित अधिकारी ऑनलाइन मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव की बैठक के आधार पर चुनाव कार्यक्रम कोर्ट के सामने पेश किया गया था और उसी आधार पर निर्देश जारी हुए थे। लोढ़ा का कहना है कि इसके बाद लॉटरी प्रक्रिया को स्थगित करना अदालत के निर्देशों की अवमानना के दायरे में आता है। उन्होंने साफ किया कि लॉटरी जल्द पूरी नहीं हुई तो वह कानूनी कदम उठाएंगे।
पढ़ें ये खबरें
- Rajasthan Panchayati Raj Election: पंचायत चुनाव की लॉटरी पर फिर कोर्ट की एंट्री? संयम लोढ़ा ने दी अवमानना याचिका की चेतावनी
- स्कूल में ‘गंदा काम’: बच्चों को समय से पहले भेजकर प्रभारी प्राचार्य और लेडी टीचर मनाते थे रंगरेलियां, जनसुनवाई में खुली पोल
- ओडिशा में बाढ़ का कहर, 6 जिलों के 1,381 गांव और 9.40 लाख लोग प्रभावित; CM माझी ने 1,000 करोड़ के राहत पैकेज का किया ऐलान
- नूंह थाने में 26 साल के कांस्टेबल की संदिग्ध मौत, कमरे के बाहर मिला शव; फरवरी में होनी थी शादी
- गहलोत की अपनी पार्टी को दो टूक; मेरी सिफारिश पर भी टिकट मत देना, पहले देखो कौन जीत सकता है!

