Rajasthan Politics: राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होने वाला है, जिसे लेकर गुरुवार को भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पर हुई इस बैठक में आगामी सत्र की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में सरकार की नीतियों को प्रभावी तरीके से पेश करने और विपक्ष के हमलों का सशक्त जवाब देने की योजना बनाई गई।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे महाकुंभ में व्यस्त होने के कारण शामिल नहीं हो सकीं, जबकि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा अनुपस्थित रहे।
विधायकों को मिली सदन में मजबूती से पेश होने की हिदायत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायकों को सदन में ठोस तैयारी के साथ उपस्थित रहने और विपक्ष के सवालों का तथ्यों के साथ जवाब देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुभवी विधायकों को अपने क्षेत्रों के अन्य विधायकों को मार्गदर्शन देना चाहिए, ताकि सदन में भाजपा मजबूती से खड़ी रह सके।
आधे से अधिक चुनावी वादे पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार अब तक अपने संकल्प पत्र में किए गए 50-55% वादे पूरे कर चुकी है। किसान, महिला, युवा और मजदूर सहित समाज के हर वर्ग के लिए योजनाओं को लागू किया गया है। साथ ही, कम समय में इन योजनाओं को धरातल पर उतारने में सफलता मिली है। उन्होंने सभी विधायकों को आगामी सत्र में सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पीकेसी-ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। इसके अलावा, किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लिए ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ाया गया है। इन फैसलों से राज्य के किसानों और आम जनता को राहत मिली है।
कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री शर्मा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार, पेपर लीक और घोटालों में डूबी रही। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के साथ जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नए विधायकों को सदन में पूरा अवसर मिलेगा, जबकि वरिष्ठ विधायकों के अनुभव से लाभ उठाकर विधानसभा की स्वस्थ परंपराओं को बनाए रखा जाएगा। उन्होंने विधायकों को सदन में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और सरकार के फैसलों को मजबूती से रखने का आग्रह किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बैठक में कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार राज्य का खजाना खाली छोड़ गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार संसाधनों की कमी नहीं होने देगी और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।
उन्होंने सभी विधायकों को विधानसभा में नियमित उपस्थिति देने और सरकार की नीतियों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग सहित अन्य मंत्री और भाजपा विधायक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रयागराज महाकुंभ में हुई दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु पर दो मिनट का मौन रखकर शोक प्रकट किया गया।
पढ़ें ये खबरें
- भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने CM साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात, महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा
- रिश्तेदार नहीं ‘दानव’: गेस्ट हाउस ले जाकर मौसा ने पार कीं हैवानियत की हदें, विरोध करने पर आंखें कर दीं जख्मी
- छत पर बैनर उतारते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए मां-बेटे, दोनों की मौत; भतीजा गंभीर
- भाजपा की बैठकों में ‘मिशन-2028’ का शंखनाद, स्मृति ईरानी ने कहा- यह सिर्फ चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन का संकल्प
- देहरादून में जनसैलाब! पेपर लीक, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, जानें न्याय यात्रा की खास बातें
