Rajasthan Politics: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को संसद भवन परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। करीब 40 मिनट तक चली इस मुलाकात में प्रदेश की विकास योजनाओं, संगठनात्मक फीडबैक और हालिया घटनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने झालावाड़ स्कूल हादसे के बाद जर्जर स्कूल भवनों के सुधार, संसाधन आवंटन और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी पीएम को दी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की। मुलाकात के बाद सीएम शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और सहयोग के लिए राजस्थान की जनता की ओर से आभार। उनके मार्गदर्शन में राजस्थान पिछले डेढ़ वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। डबल इंजन सरकार प्रत्येक किसान, युवा, महिला, गरीब और वंचित वर्ग को न्याय सुनिश्चित कर रही है।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी पीएम मोदी से भेंट की थी। ऐसे में इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है। इससे पहले, सीएम शर्मा ने अपने दिल्ली दौरे के पहले दिन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल और जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से भी मुलाकात की।
इन बैठकों में मनरेगा के तहत 4,384 करोड़ रुपये की लंबित राशि, पीएम आवास योजना (ग्रामीण) में 7.46 लाख नए घरों की स्वीकृति, जयपुर मेट्रो फेज-2, ई-बस सेवा, सौर ऊर्जा परियोजनाओं और जल जीवन मिशन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। कृषि मंत्री ने मनरेगा राशि और अतिरिक्त आवास आवंटन का आश्वासन दिया। सीएम शर्मा की इस यात्रा को प्रशासनिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह भाजपा के आंतरिक समीकरणों और भविष्य की रणनीतियों के संदर्भ में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
पढ़ें ये खबरें
- Murmura Tikki Recipe: आलू और मुरमुरे से बनाएं चटपटी टिक्की, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन
- छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों को मिला उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार, CM साय ने दी बधाई, कहा- प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
- कानपुर होमगार्ड भर्ती घोटाला: मेडिकल में 50 हजार मांगने वाले दो डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार, जानें मामला
- भोपाल में 26 प्रतिशत बढ़े महिलाओं के खिलाफ अपराध: अपहरण के मामलों में 50% का उछाल, पुलिस व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
- मिशन 2027 या कोई बड़ा सियासी समीकरण? एक साल बाद रामपुर जेल में होगी अखिलेश-आजम की मुलाकात
