Rajasthan Private Bus Strike: राजस्थान में निजी बसों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। परिवहन विभाग की कार्रवाई से नाराज निजी बस ऑपरेटरों ने पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। जयपुर में विभिन्न बस संघों की राज्य स्तरीय बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। ऑपरेटरों ने ऐलान किया है कि 10 अगस्त की मध्यरात्रि 11:59 बजे से पूरे राजस्थान में निजी बसों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी।

परिवहन विभाग की कार्रवाई से नाराज बस ऑपरेटर

बस यूनियनों का आरोप है कि परिवहन विभाग लगातार चालान और जांच की कार्रवाई कर रहा है, जो उनके मुताबिक मनमानी और अन्यायपूर्ण है। बस ऑपरेटरों का कहना है कि कार्रवाई के कारण निजी बस कारोबार से जुड़े हजारों चालकों, परिचालकों, मालिकों और अन्य कर्मचारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

इसी के विरोध में बस संघों ने सामूहिक रूप से हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। यूनियनों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

10 अगस्त की रात से नहीं होगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग

बस यूनियनों ने हड़ताल को प्रभावी बनाने के लिए अपने सदस्यों को निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत 10 अगस्त की रात से कोई भी ऑपरेटर नया ऑनलाइन बुकिंग चार्ट तैयार नहीं करेगा। इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भी टिकट बुकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी।

बस संघों ने सभी संचालकों से सामूहिक निर्णय का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

जयपुर, जोधपुर समेत इन शहरों में प्रभावित होंगी बस सेवाएं

निजी बसों की हड़ताल का असर राजस्थान के प्रमुख शहरों से संचालित होने वाली बस सेवाओं पर पड़ सकता है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा और बीकानेर से चलने वाली अंतरजिला और अंतरराज्यीय निजी बस सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।

इससे इन बसों पर निर्भर यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

फरवरी में भी हुई थी बस मालिकों की हड़ताल

राजस्थान में निजी बस ऑपरेटर इससे पहले भी हड़ताल कर चुके हैं। फरवरी 2026 में विभिन्न मांगों को लेकर निजी बस मालिकों ने हड़ताल का ऐलान किया था। उस दौरान करीब 35 हजार बसों के पहिये थम गए थे, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हुई थी।

अब एक बार फिर निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल के ऐलान के बाद सभी की नजरें राज्य सरकार और परिवहन विभाग के अगले कदम पर हैं। अब देखना होगा कि 10 अगस्त की रात से पहले प्रशासन बस ऑपरेटरों के साथ बातचीत कर कोई समाधान निकालता है या प्रदेशभर में निजी परिवहन सेवाएं पूरी तरह ठप होती हैं।

पढ़ें ये खबरें