Rajsamand BJP News: राजस्थान के राजसमंद जिले के देवगढ़ में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व पंचायत समिति प्रधान और लसानी ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच चिरंजीलाल टांक ने पार्टी की सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। जनसंघ के दौर से भाजपा की विचारधारा से जुड़े रहे टांक ने करीब पांच दशक के राजनीतिक जुड़ाव के बाद यह कदम उठाया।

उन्होंने संगठन और सत्ता स्तर पर 10-12 साल से उपेक्षा होने तथा हाल में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कथित अपमानजनक टिप्पणियों को अपनी नाराजगी की वजह बताया है। हालांकि, भाजपा के राजसमंद जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल का कहना है कि इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है और टांक से पार्टी में बने रहने का आग्रह किया गया है।
वायरल वीडियो के बाद इस्तीफा देने का फैसला
चिरंजीलाल टांक के मुताबिक, स्थानीय नेतृत्व और पार्टी के कुछ नए कार्यकर्ताओं की ओर से बार-बार उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 5-7 दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में उनके लिए ‘गद्दार’ और ‘बेवड़ा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। टांक का कहना है कि वीडियो में उन्हें पार्टी से बाहर करने या इस्तीफा देने जैसी बातें भी कही गईं।
उन्होंने इसे सार्वजनिक अपमान बताते हुए 24 अक्टूबर को भारी मन से पार्टी की सक्रिय सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया। अपने त्यागपत्र में टांक ने पिछले 10-12 वर्षों से संगठन और सत्ता के स्तर पर अनदेखी किए जाने की बात भी कही है।
पांच दशक तक पार्टी में निभाईं कई जिम्मेदारियां
टांक के अनुसार, वे करीब 50 वर्षों से भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे। उन्होंने 1995 से 2000 तक लसानी ग्राम पंचायत के सरपंच के रूप में काम किया। इसके बाद 2000 से 2003 तक भाजपा के संयुक्त देवगढ़ मंडल अध्यक्ष रहे। वर्ष 2005 से 2010 तक उन्होंने देवगढ़ पंचायत समिति के प्रधान की जिम्मेदारी निभाई।
टांक ने अपने राजनीतिक सफर के दौरान क्षेत्र में पार्टी की जड़ें मजबूत करने के लिए काम करने की बात कही है। उनके इस्तीफे के बाद देवगढ़-भीम क्षेत्र में भाजपा संगठन और स्थानीय राजनीति को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
दिग्गज नेताओं के साथ काम करने का किया जिक्र
अपने त्यागपत्र में चिरंजीलाल टांक ने पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया और स्वर्गीय हरिओम सिंह राठौड़, स्वर्गीय किरण माहेश्वरी सहित वरिष्ठ नेताओं नंदलाल सिंघवी, बंसीलाल खटीक और मांधाता सिंह के मार्गदर्शन को याद किया।
उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा के राजसमंद जिला अध्यक्ष जगदीशचंद्र पालीवाल को भेजा है। इसकी प्रतिलिपि भाजपा के प्रदेश कार्यालय, जयपुर भी भेजी गई है।
जिलाध्यक्ष बोले- इस्तीफा स्वीकार नहीं किया
भाजपा के राजसमंद जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने चिरंजीलाल टांक को पार्टी का वरिष्ठ और निष्ठावान कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि टांक का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। उनसे पार्टी से जुड़े रहने और संगठन का काम जारी रखने का आग्रह भी किया गया है।
ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि टांक अपनी नाराजगी पर क्या रुख अपनाते हैं और स्थानीय संगठन उन्हें मनाने के लिए आगे क्या कदम उठाता है। फिलहाल जिलाध्यक्ष के बयान के मुताबिक, उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है।
पढ़ें ये खबरें
- अग्निवीरों से किए वादे निभाने की घड़ी, नवंबर में हरियाणा सरकार देगी जॉइनिंग लेटर
- RSS जुलूस के रास्ते पर बैठीं महिलाएं, धार्मिक स्थल के सामने हुआ पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
- MP में नर्मदा किनारे लावारिस मिले सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड: राऊ विधानसभा से जुड़े हैं दस्तावेज, कांग्रेस ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
- हाइवे पर मौत से सामनाः NH-19 पर कंटेनर से टकराकर पुलिस टीम की कार पलटी, कार सवार का हाल देख चीख पड़े लोग
- यमुना में सफेद जहरीला झाग फिर दिखने लगा: छठ से पहले मोटी परत जमी, रेखा सरकार के सफाई अभियान पर AAP ने उठाया सवाल
