Rajasthan Recruitment Exam: राजस्थान में अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित पंचायतीराज चुनावों का असर भर्ती परीक्षाओं पर भी पड़ा है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने CET समेत 5 बड़ी भर्ती परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया है। बोर्ड ने सोमवार को संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी किया। अब ये परीक्षाएं नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच आयोजित होंगी। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने अभ्यर्थियों से संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तैयारी करने की अपील की है।

CET की नई तारीख भी जारी

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार समान पात्रता परीक्षा (CET) सीनियर सेकेंडरी स्तर-2026 अब 1 और 3 दिसंबर को होगी। दोनों दिन परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जाएगी। वहीं CET स्नातक स्तर-2026 का आयोजन 16, 17 और 18 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है। 16 और 17 जनवरी को दो-दो पारियां होंगी। 18 जनवरी को परीक्षा सुबह की पारी में होगी।

टीचिंग एसोसिएट परीक्षा 17 नवंबर से

टीचिंग एसोसिएट (संविदा आधारित) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 17 नवंबर से 21 दिसंबर के बीच आयोजित होगी। इसमें 32 विषयों की परीक्षाएं शामिल हैं। 17 नवंबर और 14, 17, 18 व 21 दिसंबर को परीक्षा एक पारी में होगी। वहीं 7, 9, 10, 11, 15 और 16 दिसंबर को परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जाएगी। बोर्ड के अनुसार यह परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट, टैबलेट बेस्ड टेस्ट विद ओएमआर शीट अथवा पेपर-पेन ओएमआर पैटर्न पर आयोजित की जा सकती है।

Lab Attendant और JE परीक्षा की नई तारीख

प्रयोगशाला परिचायक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 अब 25 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। परीक्षा एक पारी में होगी। इस भर्ती में कुल 54 पद हैं। वहीं कनिष्ठ अभियंता (JE) संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन 3 से 5 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। यह परीक्षा प्रतिदिन एक पारी में होगी। इस भर्ती में कुल 874 पद हैं।

इन 5 परीक्षाओं की बदली तारीख

  1. टीचिंग एसोसिएट (RajCES) संविदा आधारित सीधी भर्ती परीक्षा-2026 – 3540 पद
  2. समान पात्रता परीक्षा (CET)-2026, सीनियर सेकेंडरी स्तर – 1 और 3 दिसंबर 2026
  3. समान पात्रता परीक्षा (CET)-2026, स्नातक स्तर – 16, 17 और 18 जनवरी 2027
  4. प्रयोगशाला परिचायक/Lab Attendant (PHED) सीधी भर्ती परीक्षा-2025 – 54 पद
  5. कनिष्ठ अभियंता (JE) संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 – 874 पद

पंचायत चुनाव के कारण बदला परीक्षा कार्यक्रम

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने इससे पहले CET सीनियर सेकेंडरी स्तर-2026 और CET स्नातक स्तर-2026 का परीक्षा कार्यक्रम 23 जून और 1 जुलाई 2026 को जारी विज्ञप्तियों के जरिए घोषित किया था। इसके अलावा 17 जून को भी प्रेस नोट जारी किया गया था। अब राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अक्टूबर 2026 में नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव प्रस्तावित होने के कारण परीक्षा आयोजन प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए बोर्ड ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। बोर्ड ने संबंधित विभागों से भी संशोधित परीक्षा तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यक्रम तय करने को कहा है, ताकि परीक्षा आयोजन की तारीखों में टकराव की स्थिति न बने।

पढ़ें ये खबरें