Rajasthan Road Accident: बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में डॉक्टर दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। हादसा कवाई-अटरू हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां तेज टक्कर में कार बलकर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दंपती अंदर फंस गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों को बाहर निकाला और अटरू चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जन्मदिन समारोह के लिए बारां आया था परिवार

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से सूरजगढ़, झुंझुनूं निवासी और वर्तमान में जयपुर में रह रहे डॉ. सुरेश गजराज अपनी पत्नी डॉ. शालिनी मौर्य और दोनों बच्चों के साथ 19 सितंबर को बारां आए थे। परिवार यहां अपने साले के बच्चे के जन्मदिन समारोह में शामिल हुआ था। मंगलवार सुबह परिवार कार से जयपुर लौट रहा था। इसी दौरान कवाई-अटरू हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास उनकी कार बलकर से जा भिड़ी। हादसे में डॉ. सुरेश, डॉ. शालिनी और उनके दोनों बच्चे स्वपनिल और निलिशा की मौत हो गई।

टक्कर के बाद कार में फंस गए थे दंपती

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दंपती कार के अंदर फंस गए थे। सूचना मिलते ही कवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अटरू चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।

चार साल से मांडल में दे रहे थे सेवाएं

डॉ. सुरेश गजराज और डॉ. शालिनी मौर्य पिछले करीब चार साल से भीलवाड़ा जिले के मांडल उप चिकित्सालय में सेवाएं दे रहे थे। डॉ. सुरेश अस्पताल प्रभारी बताए गए हैं। दोनों डॉक्टरों की एक साथ मौत की खबर से मांडल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। चिकित्सा जगत में भी इस हादसे से गहरा दुख है।

परिवार के चार सदस्यों की मौत से मातम

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक परिवार के चार सदस्यों की सड़क हादसे में मौत से परिजनों के साथ मांडल और चिकित्सा जगत में शोक का माहौल है। परिवार जिस जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए बारां आया था, उसके बाद जयपुर लौटते समय यह हादसा हो गया।

पढ़ें ये खबरें