Rajasthan Roadways Bonus: राजस्थान रोडवेज कर्मचारियों के लिए इस दिवाली एक बड़ी राहत की खबर है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) ने छह साल बाद कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस देने का फैसला किया है। अब तक त्योहार के आसपास बोनस के बजाय दो से तीन महीने का बकाया वेतन देकर कर्मचारियों को राहत दी जाती थी।

इस बार 21 हजार रुपए प्रतिमाह तक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को बोनस और इससे अधिक वेतन वालों को एक्स-ग्रेशिया दिया जाएगा। खास बात यह है कि कुल राशि का 75 प्रतिशत नकद मिलेगा, जबकि बाकी 25 प्रतिशत कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा किया जाएगा।
21 हजार रुपए तक वेतन वालों को मिलेगा बोनस
निगम के कार्यालय आदेश के अनुसार, 21 हजार रुपए प्रतिमाह तक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को बोनस दिया जाएगा। वहीं, इससे अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को एक्स-ग्रेशिया का भुगतान किया जाएगा। दोनों मदों में मिलने वाली कुल राशि का तीन-चौथाई हिस्सा नकद दिया जाएगा और शेष एक-चौथाई रकम बैंक खातों में जमा होगी।
पिछले वर्षों में रोडवेज कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस के बजाय लंबित वेतन का भुगतान किया जाता रहा है। वर्ष 2024 में भी कर्मचारियों को तीन महीने की बकाया सैलरी देकर राहत दी गई थी। ऐसे में इस बार बोनस मिलने का फैसला कर्मचारियों के लिए खास माना जा रहा है।
रोडवेज की आर्थिक स्थिति में सुधार का दावा
निगम प्रबंधन के मुताबिक, राजस्थान रोडवेज की संचालन लागत में करीब 600 से 700 करोड़ रुपए की कमी आई है। इससे निगम की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और वह लाभ की स्थिति में पहुंचा है। इसी आधार पर कर्मचारी संगठनों ने राज्य सरकार के आदेशों के अनुरूप बोनस और एक्स-ग्रेशिया देने की मांग उठाई थी। संगठनों का कहना था कि कर्मचारियों को भी आर्थिक सुधार का लाभ मिलना चाहिए।
अग्निशमन कर्मचारियों को भी मिलेगा मैस भत्ता
दिवाली से पहले प्रदेश के नगरीय निकायों में काम करने वाले अग्निशमन कर्मचारियों के लिए भी राहत भरा फैसला हुआ है। अब उन्हें राज्य कर्मचारियों के समान मैस भत्ते का लाभ मिलेगा। स्वायत्त शासन विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। निदेशक जुईकर प्रतीक चंद्रशेखर के अनुसार, कर्मचारियों को मैस भत्ते का भुगतान वित्त विभाग के आदेशों और लागू सेवा नियमों के तहत किया जाएगा।
कर्मचारी संगठन ने सरकार का जताया आभार
राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त कर्मचारी फेडरेशन, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों को बोनस देने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे गए थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों की मांग स्वीकार करते हुए बोनस देने की घोषणा की है। कर्मचारी संगठन ने इस फैसले के लिए सरकार का आभार जताया है।
पढ़ें ये खबरें
- Sonia Gandhi News: वोटर लिस्ट विवाद में सोनिया गांधी की बढ़ी मुश्किलें ! राउज एवेन्यू कोर्ट ने स्वीकार की पुनरीक्षण याचिका
- शीतकाल के लिए बंद हुए तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट, तीन पड़ावों से गुजरेगी बाबा की डोली
- जदयू में सबकुछ ठीक नहीं? निशांत कुमार को लेकर विधायक के बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल
- सेंट्रल जेल पहुंचे भूपेश बघेल, रामगोपाल अग्रवाल से की मुलाकात, कहा- कांग्रेस कोषाध्यक्ष को सरकार ने गलत तरीके से जेल में रखा
- पचमढ़ी के फॉरेस्ट हिल पर बड़ा हादसा: बंदर से बैग बचाने के दौरान ग्रुप लीडर का बिगड़ा बैलेंस, खाई में गिरने से मौत
