Rajasthan Sarpanch Election: राजस्थान के पंचायत चुनाव में सोशल मीडिया की लोकप्रियता और चुनावी नतीजों के बीच अंतर एक बार फिर सामने आया है। जोधपुर जिले की बावड़ी पंचायत समिति की लवेरा कला ग्राम पंचायत में सरपंच पद के प्रत्याशी और सोशल मीडिया कॉमेडियन हिम्मताराम खदाव को महज 444 वोट मिले। इंस्टाग्राम पर 11 लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाले हिम्मताराम चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे। शुक्रवार रात घोषित नतीजों में गणपतराम माचरा को सरपंच चुना गया, जबकि सुरेंद्र सिंह दूसरे स्थान पर रहे।

हिम्मताराम खदाव सोशल मीडिया पर कॉमेडी वीडियो के जरिए पहचान रखते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 11 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर भी उनकी अच्छी-खासी फॉलोइंग है। इसके बावजूद लवेरा कला में उन्हें 444 मत ही मिले।

20 लाख फॉलोअर्स वाले ओमप्रकाश को मिले थे सिर्फ 33 वोट

जोधपुर जिले में यह पहला मामला नहीं है, जब सोशल मीडिया पर लोकप्रिय किसी इन्फ्लुएंसर को सरपंच चुनाव में हार मिली हो। इससे पहले ओसियां पंचायत समिति की इंदों की ढाणी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के प्रत्याशी ओमप्रकाश बिश्नोई को भी हार का सामना करना पड़ा था।

ओमप्रकाश के सोशल मीडिया पर 20 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए गए थे, लेकिन चुनाव में उन्हें महज 33 वोट मिले।

भीलवाड़ा में पवन साहू की पत्नी भी नहीं जीत सकीं चुनाव

सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान रखने वाले चेहरों को पंचायत चुनाव में मिली हार का एक और मामला भीलवाड़ा जिले की फुलियाखुर्द ग्राम पंचायत से सामने आया था। यहां चर्चित फिटनेस यूट्यूबर और इन्फ्लुएंसर पवन साहू की पत्नी कोमल साहू (तेली) ने सरपंच पद का चुनाव लड़ा था। गांव में उनके चुनाव को लेकर काफी चर्चा रही। मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग के आरोप भी लगे थे, जिसके बाद पुलिस के साथ तीखी बहस की स्थिति बनी।

हालांकि, मतगणना के बाद कोमल साहू तीसरे स्थान पर रहीं। उन्हें कुल 277 वोट मिले। पंचायत में सरपंच पद के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में थे। भगवती लाल सोनी ने 1,203 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि पूर्व सरपंच कालूराम जाट 797 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

पवन साहू के करोड़ों में हैं सब्सक्राइबर और फॉलोअर्स

कोमल साहू की उम्मीदवारी इसलिए भी चर्चा में रही, क्योंकि उनके पति पवन साहू की सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान है। उनके यूट्यूब चैनल पर 2.7 करोड़ सब्सक्राइबर हैं। फेसबुक पर 30 लाख और इंस्टाग्राम पर करीब 70 लाख फॉलोअर्स बताए गए हैं।

पढ़ें ये खबरें