Rajasthan School News: जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़ा बजट मंजूर हुआ है। दौसा के छह ब्लॉकों के 12 सरकारी स्कूलों में भवन निर्माण, मरम्मत और दूसरी जरूरी सुविधाओं के विकास के लिए 20 करोड़ 79 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। महुवा, लालसोट, बांदीकुई, नांगल राजावतान, रामगढ़ पचवारा और लवाण ब्लॉक के स्कूलों को इसका लाभ मिलेगा। इन कार्यों में भवन निर्माण के साथ स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशाला, फर्नीचर, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

राजस्थान सरकार ने प्रदेश के कुल 472 सरकारी स्कूलों में नवीन भवन निर्माण और भवन मरम्मत के लिए 401 करोड़ 3 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। इसी योजना के तहत दौसा जिले के 12 विद्यालयों को बजट मिला है।

स्कूलों में बनेंगे नए भवन, लैब और स्मार्ट क्लासरूम

स्वीकृत राशि से स्कूलों में जरूरत के अनुसार भवन निर्माण, पुनर्निर्माण और मरम्मत के काम किए जाएंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर, प्रयोगशाला उपकरण, स्मार्ट क्लासरूम, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं पर भी काम होगा। सरकार के मुताबिक, इन कार्यों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है।

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर विद्यालयों में नए भवन, अतिरिक्त कमरे और लैब निर्माण के साथ भवनों की मरम्मत के लिए राशि जारी की जा रही है।

नाबार्ड की RIDF योजना से होंगे विकास कार्य

दौसा के इन 12 सरकारी स्कूलों में विकास कार्य नाबार्ड की RIDF योजना के तहत कराए जाएंगे। योजना के तहत भवन निर्माण और पुनर्निर्माण के साथ स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशाला, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जिले के छह ब्लॉकों के 12 विद्यालयों को इस योजना में शामिल किया गया है।

किस स्कूल को कितना बजट मिला?

दौसा जिले के स्कूलों के लिए मंजूर राशि में सबसे ज्यादा बजट राजकीय उच्च माध्यमिक स्तर के स्कूलों को मिला है। वहीं उच्च प्राथमिक और प्राथमिक विद्यालयों के लिए अलग-अलग राशि स्वीकृत की गई है।

क्रमब्लॉकस्कूलस्वीकृत राशि
1महुवामहात्मा गांधी राजकीय स्कूल, रसीदपुर2 करोड़ 54 लाख
2महुवाराजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, नायागांव65 लाख
3लालसोटराजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खुर्रा2 करोड़ 54 लाख
4बांदीकुईमहात्मा गांधी राजकीय स्कूल, गदरवाड़ा ब्राह्मणान65 लाख
5बांदीकुईराजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, भोजवाड़ा65 लाख
6नांगल राजावतानमहात्मा गांधी राजकीय स्कूल, सवाईपुरा2 करोड़ 54 लाख
7नांगल राजावतानमहात्मा गांधी राजकीय स्कूल, उदयपुरा2 करोड़ 54 लाख
8नांगल राजावतानराजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बैजवाड़ी2 करोड़ 54 लाख
9नांगल राजावतानराजकीय प्राथमिक विद्यालय, धाणी पुरोहितान41 लाख
10नांगल राजावतानमहात्मा गांधी राजकीय स्कूल, धाणी बालाजी2 करोड़ 54 लाख
11रामगढ़ पचवाराराजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बीलका65 लाख
12लवाणमहात्मा गांधी राजकीय स्कूल, मतवास2 करोड़ 54 लाख
कुल6 ब्लॉक12 स्कूल20 करोड़ 79 लाख

प्रदेश के 472 स्कूलों को भी मिली मंजूरी

राज्य स्तर पर जारी प्रशासनिक स्वीकृति के तहत प्रदेश के 472 सरकारी स्कूलों में नवीन भवन निर्माण और भवन मरम्मत के लिए 401 करोड़ 3 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इसके तहत 261 प्राथमिक विद्यालयों के लिए 41 लाख रुपए, 128 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए 65 लाख रुपए और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए 2 करोड़ 54 लाख रुपए प्रति विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं।

दौसा के 12 स्कूलों को मिली 20 करोड़ 79 लाख रुपए की राशि भी इसी स्वीकृति के तहत है। इससे जिले के इन विद्यालयों में बुनियादी ढांचे से लेकर पढ़ाई से जुड़ी सुविधाओं में सुधार के काम किए जाएंगे।

पढ़ें ये खबरें