Rajasthan SI Physical Test: राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े पर एसओजी की कार्रवाई के बीच अब सब इंस्पेक्टर भर्ती के फिजिकल टेस्ट में भी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अजमेर में 4 अगस्त को एक महिला अभ्यर्थी की जगह उसकी बहन फर्जी कैंडिडेट बनकर शारीरिक दक्षता परीक्षा देने पहुंच गई।
महिला ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। संदेह होने पर समिति ने दस्तावेजों की जांच की, जिसमें उसकी असली पहचान सामने आ गई। मामले में प्रशासन की शिकायत पर अलवर गेट थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मास्क लगाकर फिजिकल देने पहुंची महिला
जानकारी के मुताबिक, एसआई भर्ती 2025 में लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट अजमेर के सीआरपीएफ ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान मुन्नी नाम की महिला अभ्यर्थी की जगह उसकी बहन फिजिकल टेस्ट देने पहुंची।
4 अगस्त को सेंटर पर पहुंची महिला ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। जब वहां मौजूद अधिकारियों ने उसे मास्क हटाने के लिए कहा तो उसने बीमारी का हवाला दिया और फिजिकल टेस्ट के लिए दूसरी तारीख देने की मांग की।
उसके व्यवहार और परिस्थितियों को देखते हुए समिति को संदेह हुआ। इसके बाद अभ्यर्थी के दस्तावेजों और पहचान की जांच की गई। जांच में पता चला कि फिजिकल टेस्ट देने पहुंची महिला वास्तविक अभ्यर्थी मुन्नी नहीं, बल्कि उसकी बहन थी।
दस्तावेजों की जांच में खुला राज
मामला सामने आने के बाद प्रशासन की ओर से अजमेर के अलवर गेट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलवर गेट थाने के उपनिरीक्षक राकेश के अनुसार, एसआई भर्ती में लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच सीआरपीएफ ग्राउंड में हो रही थी। इसी दौरान महिला अभ्यर्थी की जगह दूसरी महिला के पहुंचने का मामला सामने आया।
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फर्जी तरीके से फिजिकल टेस्ट देने की योजना कैसे बनाई गई थी और इसमें महिला के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
पुलिस खंगाल रही है पूरी साजिश
मामले में फर्जी कैंडिडेट के तौर पर पहुंची महिला का नाम फिलहाल उपलब्ध नहीं है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
जांच का मुख्य बिंदु यह भी है कि क्या यह कोशिश सिर्फ फिजिकल टेस्ट में शामिल होने तक सीमित थी या इसके पीछे भर्ती प्रक्रिया में आगे फायदा लेने की कोई योजना थी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वास्तविक अभ्यर्थी और उसकी बहन के अलावा किसी अन्य व्यक्ति ने इस फर्जीवाड़े में मदद की थी या नहीं।
बीकानेर में भी सामने आया था ऐसा मामला
राजस्थान में एसआई भर्ती के फिजिकल टेस्ट में फर्जीवाड़े का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले बीकानेर जिले में SI भर्ती 2025 के फिजिकल टेस्ट के दौरान भी धोखाधड़ी का मामला सामने आया था।
वहां जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी फर्जी एडमिट कार्ड बनवाकर एसआई भर्ती और प्लाटून कमांडर भर्ती के फिजिकल टेस्ट में शामिल होने पहुंच गया था।
बताया गया कि विचाराधीन कैदी ने विशेष अदालत में एसआई भर्ती के फिजिकल टेस्ट में शामिल होने के लिए आवेदन किया था। कोर्ट ने उसे पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा में शामिल कराने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद जब वह परीक्षा केंद्र पहुंचा और उसके दस्तावेजों की जांच की गई तो फर्जीवाड़ा सामने आया। उसके पास मौजूद एडमिट कार्ड पर दर्ज रोल नंबर की जांच करने पर किसी दूसरे अभ्यर्थी की जानकारी सामने आई थी।
पढ़ें ये खबरें
- ग्रामीणों की समस्या सुन रहे थे अफसर, तभी किसान ने की फांसी लगाने की कोशिश, मचा हड़कंप
- अब हैंग नहीं होगा फोन, कम RAM वाले स्मार्टफोन्स को भी मिलेगा बड़ा फायदा
- भगवंत मान की पत्नी पर 5 करोड़ रुपये मांगने का आरोप, गुरप्रीत कौर ने पूर्व जज को भेजा कानूनी नोटिस
- टरबाइन ब्लास्ट के बाद उबला रामगढ़ : 3 इंजीनियरों की मौत से आक्रोश, विधायक धरने पर बैठे, सड़क जाम
- केदारनाथ-हेमकुंड रोपवे से सुगम होगी तीर्थयात्रा, धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर: धामी
