Rajasthan Student Union Election: राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्रनेता नीरज खींचड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द छात्रसंघ चुनाव की घोषणा करने की मांग की और चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रदेशभर में तेज हो रहा छात्र आंदोलन
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जाने से युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि सरकार में बैठे कुछ लोग नहीं चाहते कि शिक्षित युवा राजनीति में आएं, क्योंकि इससे परिवारवादी राजनीति को चुनौती मिलती है।
सरकार हमारी मांग अनसुनी कर रही
छात्रनेता नीरज खींचड़ ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। कहीं भूख हड़ताल चल रही है तो कहीं छात्र पानी की टंकियों पर चढ़कर विरोध दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर धरना देने के बावजूद सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।
20 अगस्त से बड़े आंदोलन का ऐलान
नीरज खींचड़ ने चेतावनी दी कि यदि 20 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र से पहले छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं की गई, तो जयपुर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा।
पुलिस से हुई धक्का-मुक्की, छात्र डिटेन
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से सड़क की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर तक पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने कुछ छात्रों को डिटेन कर लिया।
पढ़ें ये खबरें
- IAS अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार, इफ्फत आरा और राजेंद्र कटारा को मिली नई जिम्मेदारी…
- युवा संवाद कार्यक्रम: सीएम साय बोले- सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है सेवा संकल्प यात्रा
- मां बगलामुखी के दरबार में भक्त ने तोड़ा दम, दर्शन के लिए आए महाराष्ट्र के श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने से मौत
- यूपी के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर: अक्टूबर के बिल में 5.24% की छूट, जानिए वजह
- राजधानी में गुटखा कारोबारी के ठिकाने पर DGGI का छापा, 50 बोरों से ज्यादा सितार जब्त, गुटखा किंग तक जुड़े रहे तार

