Rajasthan University News: राजस्थान विश्वविद्यालय कैंपस में गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद दिव्यांग छात्र-छात्राओं के साथ सुरक्षा गार्ड के कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया।

राजकीय मूक-बधिर महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए थे। प्रदर्शन के बाद जब वे राजस्थान यूनिवर्सिटी के एडम ब्लॉक के बाहर प्रशासन से मिलने के लिए खड़े थे, तभी वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने उनके साथ कथित तौर पर अश्लील इशारे किए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय में हंगामा शुरू हो गया।
सुरक्षा गार्ड पर अश्लील इशारे करने का आरोप
प्रदर्शन के बाद मूक-बधिर महाविद्यालय के दिव्यांग छात्र-छात्राएं प्रशासनिक भवन के बाहर खड़े थे। इसी दौरान वे अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने उनकी ओर अश्लील इशारे किए। छात्र-छात्राओं ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि सुरक्षा गार्ड ने अपनी बॉडी दिखाते हुए ताकत का प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान वह कथित तौर पर दिव्यांग छात्रों का मजाक उड़ाने वाले इशारे भी करता रहा।
रजिस्ट्रार से की शिकायत
छात्र-छात्राएं काफी देर तक प्रशासनिक भवन के बाहर खड़े रहे। सुरक्षा गार्ड के व्यवहार से वे असहज हो गए। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत राजस्थान विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार आशु चौधरी से की। छात्रों ने रजिस्ट्रार को घटना का वीडियो भी दिखाया। वीडियो देखने के बाद रजिस्ट्रार ने नाराजगी जताई और उच्च अधिकारियों से संपर्क किया।
गार्ड को तुरंत हटाया गया
छात्रों के मुताबिक, रजिस्ट्रार ने सुरक्षा गार्ड को हटाने के साथ उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। हालांकि, खबर लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। सुरक्षा गार्ड को तत्काल वहां से हटा दिया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों ने घेरा प्रशासनिक भवन
दिव्यांग छात्र-छात्राओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय के छात्र नेता भी विरोध में उतर आए। छात्र नेताओं ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने सुरक्षा गार्ड को हटाने के साथ उसके खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की। उनका कहना था कि दिव्यांग छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद गंभीर है और ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए।
छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर हुआ था प्रदर्शन
राजस्थान के कई जिलों में गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए थे। जयपुर स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय कैंपस में भी छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। इसमें राजकीय मूक-बधिर महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए थे। इन छात्रों की मांग थी कि छात्रसंघ चुनाव बहाल किए जाएं, ताकि उनके कॉलेज में भी चुनाव हो सकें।
पढ़ें ये खबरें
- राजधानी में गुटखा कारोबारी के ठिकाने पर DGGI का छापा, 50 बोरों से ज्यादा सितार जब्त, गुटखा किंग तक जुड़े रहे तार
- इंदौर के MY अस्पताल में निकला सांप, ओपीडी खुलने से पहले फर्श पर रेंगता दिखा, वीडियो वायरल
- गोरखपुर में आग बुझने के बाद गोदाम से मिला मजदूर का कंकाल, आक्रोशितों पर पुलिस का लाठीचार्ज
- Haryana Top News : सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ाने पर डॉक्टरों को मिलेगा इंसेंटिव, सरकारी योजनाओं को लेकर सीएम सैनी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, हरियाणा को ड्रोन सेक्टर का केंद्र बनाने की तैयारी समेत पढ़े दिनभर की बड़ी खबरें…
- विवाहिता की हत्या और शव जलाने का मामला, 14 महीने बाद सास-ससुर गिरफ्तार, पति की तलाश जारी

