Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पिछले एक हफ्ते से सूरज आग उगल रहा है। सुबह 7 बजते ही इतनी तेज धूप हो जाती है कि घर से निकलना भारी पड़ रहा है। रात को भी गर्म हवाएं पीछा नहीं छोड़ रही हैं। श्रीगंगानगर में तो पारा 45.1 डिग्री तक पहुंच गया, जिसने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। लेकिन इसी बीच जयपुर मौसम केंद्र से एक बड़ी राहत वाली खबर आई है। आज यानी शुक्रवार से प्रदेश का मौसम पूरी तरह पलटने वाला है।

दोपहर बाद दिखेगा नए मौसम का असर
जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से आज दोपहर के बाद 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी चलेगी। आंधी के तुरंत बाद हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है। इससे तपते हुए तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आएगी, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
इन 10 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी
राहत के बीच मौसम विभाग ने कुछ इलाकों के लिए चेतावनी भी जारी की है। अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर और फलोदी में आज भी तीव्र हीटवेव यानी लू का असर बना रहेगा। इन जिलों में रहने वाले लोगों को दोपहर के समय बिना वजह बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
इन 4 जिलों झुंझुनू, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ में आज मिलाजुला रूप देखने को मिलेगा। यहां भीषण लू भी चलेगी और दोपहर के बाद अचानक आंधी-बारिश का दौर भी शुरू होगा।
24 मई से फिर बढ़ेगी आफत
राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां पारा 42 डिग्री के आसपास टिका हुआ है। रात के समय भी गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को चैन की नींद नहीं लेने दे रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आंधी और बारिश से मिलने वाली यह राहत सिर्फ दो दिनों के लिए है। 24 मई से एक बार फिर तापमान में 2 से 3 डिग्री की भारी बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ सकती हैं।
पढ़ें ये खबरें
- सोशल मीडिया के जुनून ने छीनी जान! पातालकोट के व्यू प्वाइंट से खाई में गिरा 24 साल का सूर्यभान
- ‘भारत सरकार मेरे साथ अन्याय कर रही है, सोचता हूं ‘कॉकरोच’ बन जाऊं…,’ विजय माल्या ने मोदी सरकार से रखी मांग
- चतरा में सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ी बोलेरो, 28 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, दो गंभीर
- हाईकोर्ट की नई वेबसाइट पर सवाल! ई-हियरिंग की तकनीकी खामियों से नाराज कोर्ट, IT व्यवस्था की होगी स्वतंत्र जांच, 7 दिन में रिपोर्ट और 30 दिन में पूरे सिस्टम के ऑडिट के निर्देश
- रोजगार मेले की ‘कॉल गर्ल’ वाली खबर पर सियासी घमासान, बीजेपी ने तेजस्वी और राजद को दिया जवाब


