Rajasthan Weather Update: राजस्थान में प्री-मानसून की पहली बौछारों ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। शनिवार से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश ने तापमान में गिरावट दर्ज करवाई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को प्रदेश के 14 जिलों के लिए तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

14 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जैसलमेर और सिरोही में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां गरज-चमक और तेज़ हवाओं के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा नागौर, पाली, सीकर, चुरू, जोधपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, बारां, टोंक, राजसमंद, उदयपुर और जालौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
अब भी तप रहा पश्चिमी राजस्थान
प्री-मानसून की शुरुआत से तापमान में 1 से 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में गर्मी अब भी चरम पर है। गंगानगर और चूरू में पारा 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान डूंगरपुर (AWS) में 19.7 डिग्री रहा।
हीटवेव से अब भी कई जिलों में परेशान हालात
शुक्रवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में अब तक की सबसे तीव्र गर्मी दर्ज की गई। पिलानी में पारा 47.6 डिग्री, जैसलमेर में 46.9, जोधपुर में 46.3, फलोदी और बाड़मेर में 46.2 डिग्री रहा। वहीं चित्तौड़गढ़, संगरिया, झुंझुनू और नागौर जैसे इलाकों में भी तापमान 44 डिग्री के पार पहुंचा।
20 जून के बाद बढ़ेगी बारिश की तीव्रता
IMD के मुताबिक 20 जून से बारिश की गति और कवरेज में इज़ाफा होगा। खासतौर पर उदयपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 48 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की और गिरावट हो सकती है, जिससे लू से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्री-मानसून बना उम्मीद की किरण
राज्य के मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मौजूदा गतिविधियां मानसून के लिए सकारात्मक संकेत हैं। अगर यही रुझान जारी रहा, तो आने वाले सप्ताह में पूरे राजस्थान में मानसून सक्रिय हो सकता है और प्रदेश को सूखे और लू से राहत मिलेगी।
पढ़ें ये खबरें
- खेत की मेढ़ काटने को लेकर हुए खूनी संघर्ष में युवक की हत्या, कुल्हाड़ी से सिर और सीने पर किए गए वार
- ज्ञानेश कुमार के सामने झुके अभिजीत दीपके! आंदोलन पर लगाया ब्रेक, कार्यकर्ताओं से कहा-परिवार के साथ वक्त बिताएं, सौरभ-आशुतोष पर आंखें हुई नम
- पाकिस्तान से पंजाब में ड्रोन के जरिए भेजे जा रहे हथियार और हेरोइन, कसूर और सुलेमान से उड़ान भरने की आशंका; 15 दिन में कई बड़ी खेप बरामद
- मोहन भागवत के ‘बांग्लादेश-फ्रांस जैसे हालात’ वाले बयान पर सियासी घमासान; आलोक शर्मा के समर्थन के बाद कांग्रेस प्रवक्ता का पलटवार
- इंदौर में CM मोहन यादव का शस्त्र पूजन: पुलिस को मिलीं 51 हाईटेक बाइक; सुरक्षा से लेकर रोजगार तक, मंच से किए कई बड़े ऐलान
