Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने जयपुर समेत 24 जिलों में बारिश और मेघगर्जन का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। इसके बाद भारी बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है।

जयपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश
जयपुर जिले और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए जयपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
चूरू, सीकर, झुंझुनूं, डीडवाना-कुचामन, नागौर, टोंक, चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा, झालावाड़, बारां, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, डीग, भरतपुर, धौलपुर, अजमेर और भीलवाड़ा जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
लो प्रेशर एरिया से बढ़ी मानसून की सक्रियता
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में वेल मार्क लो प्रेशर एरिया उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित है। मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर और इस लो प्रेशर एरिया से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
पिछले 24 घंटों में कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से भारी और अतिभारी बारिश दर्ज की गई। सवाई माधोपुर के खंडार में सर्वाधिक 130 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
4 और 5 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 4 सितंबर को भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा संभाग और शेखावाटी के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी और अतिभारी बारिश की संभावना है।
5 सितंबर को भरतपुर और कोटा संभाग में भारी बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।



