Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मई की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जो प्रदेश अप्रैल के आखिरी हफ्ते तक भीषण लू (Heatwave) और आग उगलती गर्मी से झुलस रहा था, वहां अब आंधी-बारिश ने डेरा डाल दिया है। रविवार शाम को प्रदेश के कई हिस्सों में कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिला, जहां तेज अंधड़ के साथ जमकर बारिश हुई और कुछ इलाकों में तो ओले भी गिरे। हालांकि, इस बदलाव से तपती गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन तेज हवाओं ने कई जगह तबाही भी मचाई है।

कहीं गिरे पेड़, कहीं उखड़े बिजली के खंभे
ग्राउंड जीरो से मिल रही खबरों के मुताबिक, रविवार देर शाम आई तेज आंधी की वजह से कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आंधी इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे लगे पेड़ और बिजली के पोल ताश के पत्तों की तरह ढह गए। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान वे पुराने मकानों और पेड़ों के नीचे शरण न लें। राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां शाम ढलते ही मौसम सुहाना हो गया और तापमान गिरकर 38.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे जयपुरवासियों को बड़ी राहत मिली है।
इन 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, रहें सावधान
मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 23 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक, आज यानी 4 मई को अजमेर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, जयपुर, सीकर, टोंक और जोधपुर समेत कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है। इसके साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। शेखावाटी और बीकानेर संभाग के इलाकों में भी मौसम विभाग ने कड़े निर्देश जारी किए हैं।
पश्चिमी राजस्थान में अब भी आग जैसे हालात
एक तरफ जहां आधे राजस्थान में बारिश का दौर है, वहीं पश्चिमी हिस्से अब भी तप रहे हैं। फलोदी में पारा 44.8 डिग्री के साथ सबसे ऊपर बना हुआ है। जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर में अभी भी पारा 40 डिग्री के पार है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण आने वाले 48 घंटों में इन इलाकों के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल, राजस्थान में धूप और छांव का यह खेल जारी रहने वाला है।
पढ़ें ये खबरें
- पश्चिम रेलवे भर्ती घोटाला: सीबीआई जांच में खुली फर्जीवाड़े की पोल, 4 अफसर और अभ्यर्थियों पर FIR
- Share Market Closing Time : अब 10 मिनट देर से बंद होगा F&O मार्केट, ट्रेडिंग टाइम बदलने के पीछे क्या है वजह, जानिए नए नियम
- बांकीपुर उपचुनाव: दसवें राउंड में प्रशांत किशोर 6011 वोटों से आगे, भाजपा की बढ़ी मुश्किलें
- कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का शानदार समापन: 39 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा भारत, अहमदाबाद को 2030 की मेजबानी की मिली जिम्मेदारी
- Datia Bypoll Election Results 2026: दतिया में कांग्रेस का दबदबा, छटवें राउंड के बाद 1,786 वोटों की मजबूत बढ़त, आशुतोष तिवारी पिछड़े, घनश्याम लगातार आगे

