संभल के रहटौल गांव में रामलीला कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता राजेश सिंघल ने हरिहर मंदिर समेत धार्मिक स्थलों को लेकर बयान दिया. उन्होंने 24 कोसीय परिक्रमा, 68 तीर्थ और 19 कूप विकसित किए जाने की बात भी कही.

संभल. हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के रहटौल गांव में रामलीला कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता राजेश सिंघल ने मंदिर-मस्जिद को लेकर बयान दिया. भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश सिंघल ने कहा कि संभल में अब मस्जिद नहीं, मंदिर बनेंगे और हरिहर मंदिर जाने वालों पर गोली नहीं, पुष्प वर्षा होगी.

राजेश सिंघल ने कहा कि संभल में 24 कोसीय परिक्रमा, 68 तीर्थ और 19 कूप बनाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बना, उसी तरह संभल में भी भगवान श्री हरिहर मंदिर का निर्माण होगा.

अयोध्या का किया जिक्र

भाजपा नेता ने राम मंदिर निर्माण के लिए हुए आंदोलन और उसमें हुए बलिदान का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण में 550 साल लग गए.

संभल में 24 कोसीय परिक्रमा और 68 तीर्थ-19 कूप की धार्मिक परंपरा पहले से मौजूद है. इन स्थलों की 24 कोसीय परिक्रमा भी आयोजित होती रही है.

कांवड़ यात्रा पर भी बोले

राजेश सिंघल ने अपने संबोधन में कांवड़ यात्रा का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों के दौरान कांवड़ियों को रोका गया और लाठीचार्ज किया गया.

उन्होंने कहा कि उस समय कांवड़ यात्रा रोकने और डीजे नहीं बजाने जैसी बातें होती थीं. उनके मुताबिक अब हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों पर लाठीचार्ज नहीं होता, बल्कि जगह-जगह पुष्प वर्षा की जाती है, भंडारे लगाए जाते हैं और प्रसाद बांटा जाता है.

तीन बार चुनाव लड़ा

राजेश सिंघल बीजेपी के टिकट पर 2007, 2012 और 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं. तीनों चुनाव में उन्हें समाजवादी पार्टी के विधायक इकबाल महमूद से हार का सामना करना पड़ा.

वह भाजपा में दो बार जिला अध्यक्ष और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. हालांकि, भाजपा की हाल में घोषित नई टीम में उन्हें स्थान नहीं मिला.