शुभम जायसवाल, राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। जहां 25 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार कबाड़ बीनने और मजदूरी का काम करता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
यह पूरा मामला ब्यावरा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम जगनियापुरा में गिट्टी क्रेशर मशीन के पीछे करीब 25 फीट गहरा गड्ढा था, जिसमें लबालब पानी भरा हुआ था। इसी गड्ढे में एक महिला और उसके बच्चे गिर गए, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को बाहर निकलवाकर एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल ब्यावरा भेजा। जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें: MP में दर्दनाक हादसे में 4 की मौत: ट्रक-बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर, गाड़ी में चिपके शव
मृतकों की पहचान सायरा बाई (30), नेब्रेन पारधी (6) और निभ्रता पारधी (9) निवासी कड़िया, थाना बड़ा बैरसिया, जिला भोपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार पिछले करीब तीन वर्षों से जगनियापुरा क्षेत्र में रहकर कबाड़ बीनने और मजदूरी का कार्य करता था। फिलहाल ब्यावरा सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
ब्यावरा थाने टीआई शिवराज सिंह ने बताया कि खदान में सायरा नाम की महिला अपने बच्चों के साथ नहाने गई थी। इसी दौरान एक बच्चा डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए महिला ने कोशिश की। लेकिन देखते ही देखते तीनों पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

