शुभम जायसवाल, राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। जिले के कुरावर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उनका 11 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना राजगढ़ के स्थानीय विधायक अमर सिंह यादव की फॉर्च्यूनर कार से हुई है।

महाकाल होटल के पास हुआ भीषण हादसा 

जानकारी के अनुसार, यह हादसा कुरावर में महाकाल होटल के समीप मुख्य हाईवे पर हुआ। विधायक अमर सिंह यादव की फॉर्च्यूनर कार (क्रमांक MP04 WC 0111) और एक मोटरसाइकिल (क्रमांक MP04 QM 5768) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे।

पिता की मौत, बेटा घायल 

इस दर्दनाक हादसे में बाइक चला रहे राघवेंद्र विश्वकर्मा (उम्र 42 वर्ष) और उनका 11 वर्षीय बेटा लक्ष्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ इलाज के दौरान राघवेंद्र विश्वकर्मा ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल बेटे का अस्पताल में इलाज जारी है, जिसकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस जांच में जुटी 

घटना की सूचना मिलते ही कुरावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m