शुभम जायसवाल, राजगढ़। मध्य प्रदेश। पुलिस का काम केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय आम नागरिकों की मदद करना भी है। इसी मानवीय भावना का परिचय राजगढ़ जिले की थाना कलीपीठ पुलिस ने दिया। रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने बैटरी डिस्चार्ज होने से रास्ते में परेशान हो रहे दिव्यांग तीर्थयात्रियों की सहायता कर उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की।
बैटरी खत्म होने से बीच रास्ते में रुकी तीर्थयात्रा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्यांग यात्री कामखेड़ा बालाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बैटरी चलित साइकिल की बैटरी डिस्चार्ज हो गई, जिसके कारण वे आगे की यात्रा करने में असमर्थ हो गए। रात का समय होने के कारण यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।
मां पीतांबरा के दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब: नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में भक्तिमय माहौल,
गश्त कर रही पुलिस बनी मददगार
इसी दौरान रात्रि गश्त पर तैनात थाना कलीपीठ पुलिस की नजर परेशान दिव्यांग यात्रियों पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उनके पास पहुंचकर समस्या जानी और तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की, जिससे उन्हें राहत मिली और उनकी तीर्थयात्रा में आ रही बाधा दूर हुई। थाना कलीपीठ पुलिस की यह पहल पुलिस के मानवीय चेहरे और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जरूरत के समय सहायता के लिए आगे आकर पुलिसकर्मियों ने यह संदेश दिया कि पुलिस जनता की सुरक्षा के साथ-साथ उसकी सहायता और सेवा के लिए भी सदैव तत्पर है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

