शुभम जायसवाल, राजगढ़। खिलचीपुर थाना क्षेत्र के बामन गांव में एक निर्माणाधीन कुएं की तराई करने उतरी सास-बहू की मलबे में दबने से मौत हो गई। कुएं की मिट्टी अचानक धंसने के कारण दोनों महिलाएं गहरे मलबे के नीचे दब गईं। प्रशासन द्वारा करीब 6 घंटे तक चलाए गए कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला जा सका। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
ये भी पढ़ें: मीनाक्षी नटराजन मामले में NSUI पर गिरी गाज: जीतू पटवारी के एक्शन से हड़कंप, 22 जिला अध्यक्षों को नोटिस
तराई करते समय अचानक भरभराकर धंसी मिट्टी
घटना बामन गांव की है जहां एक नए कुएं का निर्माण कार्य चल रहा था। बुधवार को सास और बहू दोनों कुएं के भीतर उतरकर कंक्रीट की तराई का काम कर रही थीं। इसी दौरान कुएं के ऊपरी हिस्से की मिट्टी अचानक भरभऱाकर धंस गई। महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वो मलबे के नीचे पूरी तरह से दब गईं। चीख पुकार सुनते ही आस-पास काम कर रहे अन्य लोग मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
6 घंटे तक चला रेस्क्यू, जेसीबी और पोकलेन मशीनों की ली गई मदद
घटना की गंभीरता को देखते हुए खिलचीपुर प्रशासन और राजगढ़ से होमगार्ड की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मलबे की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे हटाने के लिए कई जेसीबी (JCB) और पोकलेन मशीनों को काम पर लगाया गया। मौके पर स्थानीय विधायक, जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम (SDM) और तहसीलदार खुद मौजूद रहे और राहत कार्य की कमान संभाली। करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत और भारी खुदाई के बाद मलबे के नीचे से दोनों महिलाओं के शवों को बाहर निकाला जा सका।
ये भी पढ़ें: मैकेनिकों को थमाया बेदखली का नोटिस, विधायक अनुभा मुंजारे ने CMO को चेताया, बोली- ‘हटाया तो धरने पर बैठूंगी’
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में पसरा सन्नाटा
जैसे ही रेस्क्यू टीम ने दोनों महिलाओं के शवों को कुएं से बाहर निकाला, वहां मौजूद परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही घर के दो सदस्यों की इस तरह अचानक हुई दर्दनाक मौत से बामन गांव के हर घर में चूल्हा तक नहीं जला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

