रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रविवार को एक दिवसीय दौरे पर आगरा पहुंचे और खटीक गर्जना सम्मेलन में शामिल होंगे. सम्मेलन में राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक एकजुटता और आगामी चुनावों में समाज की भूमिका पर चर्चा होगी.

आगरा. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रविवार को एक दिवसीय दौरे पर आगरा पहुंचे. खेरिया एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया गया. वे खंदारी स्थित राव कृष्णपाल सिंह सभागार में आयोजित खटीक गर्जना सम्मेलन में शामिल होंगे और करीब तीन घंटे आगरा में रहेंगे.

राजनाथ सिंह के इस दौरे को विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. सम्मेलन के जरिए भाजपा आगरा मंडल के साथ प्रदेश के खटीक समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

राजनीतिक भागीदारी पर मंथन

अखिल भारतीय खटीक समाज की ओर से मंडल स्तरीय खटीक गर्जना सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. इसमें खटीक समाज की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक एकजुटता और आगामी चुनावों में समाज की भूमिका को लेकर चर्चा होगी.

कार्यक्रम संयोजक हेमंत चलनीवाले के अनुसार, सम्मेलन में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र खटीक, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, सांसद डॉ. भोला सिंह और जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.

सुरक्षा के विशेष इंतजाम

रक्षामंत्री के रविवार दोपहर करीब 12 बजे सम्मेलन में पहुंचने की जानकारी दी गई है. उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं.

राजनाथ सिंह खेरिया एयरपोर्ट से टाटा गेट, रामनगर की पुलिया और लोहामंडी होते हुए खंदारी स्थित आरबीएस सभागार पहुंचेंगे. डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि रक्षामंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान कई मार्गों पर यातायात रोका जाएगा.

कई जिलों से पहुंचेंगे लोग

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हेमंत ने बताया कि सम्मेलन में आगरा के अलावा मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, हाथरस और मैनपुरी समेत कई जिलों से खटीक समाज के लोग शामिल होने पहुंचेंगे. सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.