मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव अयोध्या पहुंचे और हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन-पूजन के बाद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए. उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया. इस दौरान मंदिर परिसर और हनुमानगढ़ी में श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला.
इसे भी पढ़ें- सपा के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार पर सस्पेंस, अखिलेश कब खोलेंगे पत्ता?
हनुमानगढ़ी में किए बजरंगबली के दर्शन
अयोध्या पहुंचने के बाद राजपाल यादव सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचे. उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी महाराज के दर्शन किए. इसके बाद वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर गए और रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई. दर्शन के बाद अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजय दास ने उनका स्वागत किया.
महंत संजय दास ने किया सम्मानित
महंत संजय दास ने राजपाल यादव को आशीर्वाद स्वरूप रामलला और हनुमान जी महाराज की प्रतिमा भेंट की. साथ ही उन्हें रामनामा ओढ़ाकर सम्मानित किया. इस दौरान हनुमानगढ़ी परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में अभिनेता को लेकर खासा उत्साह नजर आया.
बोले- अयोध्या से 25 साल पुराना है रिश्ता
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में राजपाल यादव ने अयोध्या से अपने पुराने जुड़ाव को याद किया. उन्होंने कहा कि अयोध्या से उनका नाता पिछले 25 वर्षों से है. उन्होंने अपने गुरु दद्दा जी को याद करते हुए बताया कि गुरु के साथ उन्हें कई बार अयोध्या आने और दर्शन करने का अवसर मिला था. अभिनेता ने कहा कि इस बार की अयोध्या उन्हें अलग और दिव्य नजर आई.
इसे भी पढ़ें- ‘मैं तुम्हारे साथ संबंध बनाना चाहता हूं…’, कुशीनगर में महिला टीचर से छेड़छाड़
गुरु की इच्छा थी राम मंदिर में शिवलिंग निर्माण
राजपाल यादव ने बताया कि उनके गुरु विश्व कल्याण के लिए शिवलिंग निर्माण और यज्ञ कराते थे. उन्होंने कहा कि गुरु की इच्छा थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बने और वहां शिवलिंग की स्थापना हो. उन्होंने बताया कि बड़े भक्तमाल आश्रम में गुरु भाई अनिल शास्त्री त्रिपाठी के सानिध्य में विश्व कल्याण के लिए शिवलिंग निर्माण और महायज्ञ चल रहा है. अभिनेता ने देशवासियों और रामभक्तों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण भी दिया.

