Odisha Desk, पूरी (ओडिशा): ओडिशा के पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर में महाप्रभु जगन्नाथ की एक बेहद महत्वपूर्ण और गुप्त ‘राजप्रसाद बीजे’ नीति सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। स्नान पूर्णिमा के बाद से ही अत्यधिक स्नान के कारण ज्वर से पीड़ित और अनवसर में रह रहे ब्रह्मांड के स्वामी अब पूरी तरह से स्वस्थ और आरोग्य हो चुके हैं। राजवैद्य के परामर्श और देखरेख में महाप्रभु को दी गई विशेष ‘दशमूल ओषध’ का असर हुआ है और चतुर्धा मूर्ति अब बिलकुल ठीक हैं। महाप्रभु के स्वस्थ होने के शुभ समाचार और अनवसर के दौरान श्रीअंग से निकले विशेष प्रसाद को लेकर दइतापति सेवक श्रीनहर (राजमहल) पहुंचे।

क्या है ‘राजप्रसाद बीजे’ की परंपरा?

सनातन परंपरा के अनुसार, जगन्नाथ मंदिर में सुबह की धूप नीति समाप्त होने के बाद जय-विजय द्वार को बंद कर दिया गया। इसके तुरंत बाद जैसे ही बेहरण द्वार खुला, वैसे ही मंदिर से राजमहल के लिए ‘राजप्रसाद बीजे’ यात्रा शुरू हुई। चूंकि पुरी के गजपति महाराज को महाप्रभु श्री जगन्नाथ का आद्य (प्रथम) सेवक माना जाता है, इसलिए महाप्रभु के स्वस्थ होने की पहली खबर सबसे पहले उन्हीं तक पहुंचाई जाती है। सदियों पुरानी इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए दइतापति सेवकों ने श्रीनहर जाकर गजपति महाराज दिव्यसिंह देव को महाप्रभु के पूरी तरह स्वस्थ होने की आधिकारिक जानकारी दी।

गजपति महाराज को सौंपा गया विशेष प्रसाद

राजमहल पहुंचने के बाद, दइतापति सेवकों ने अनवसर के दौरान महाप्रभु के श्रीअंग (पवित्र शरीर) पर इस्तेमाल किए गए विशेष चंदन, कराल (दवा का लेप) और पाटडोरी (पवित्र धागा) को गजपति महाराज को सादर समर्पित किया। इस पावन नीति के संपन्न होने के बाद गजपति महाराज दिव्यसिंह देव ने दइतापति सेवकों के साथ महाप्रभु की गुप्त सेवा और आगामी रथयात्रा से जुड़ी नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।

गौरतलब है कि स्नान पूर्णिमा के दिन से ही महाप्रभु बीमार होकर 15 दिनों के लिए भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ गुप्त अनवसर गृह में थे, जहां केवल दइतापति सेवकों को ही जाने और उनकी सेवा करने की अनुमति होती है। अब भगवान के स्वस्थ होने की खबर से देश-विदेश में बैठे करोड़ों जगन्नाथ भक्तों में खुशी की लहर दौड़ गई है, क्योंकि इसके साथ ही महाप्रभु की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के सार्वजनिक दर्शन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m