Rajsamand News: श्रीनाथजी की पावन धरा नाथद्वारा के उपली ओडन इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने एक कबाड़ गोदाम में दबिश दी। बाहर से साधारण दिखने वाले इस गोदाम के अंदर मौत का सामान तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने यहां छापेमारी कर 9 हजार से ज्यादा तलवारों का जखीरा बरामद किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।

मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस का छापा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को काफी समय से इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की खबर मिल रही थी। श्रीनाथजी थाना इंचार्ज विक्रम सिंह को मुखबिर ने पक्की सूचना दी कि उपली ओडन स्थित एक कबाड़ गोदाम में बिना किसी लाइसेंस या कागजात के अवैध तरीके से तलवारें बनाई जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने जाल बिछाया और अचानक गोदाम पर धावा बोल दिया। अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई; वहां तलवारों का ढेर लगा हुआ था।
9228 तलवारें और मशीनें बरामद, 3 गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से कुल 9 हजार 228 तलवारें जब्त की हैं। गोदाम में तलवारों पर धार लगाने का काम धड़ल्ले से चल रहा था। पुलिस ने मौके से अजय सिकलीगर और सोनू सुथार को पकड़ा, जो कोई भी कानूनी दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद पुलिस ने पास की ही एक दूसरी वेल्डिंग दुकान पर दबिश देकर सिकंदर सिकलीगर को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से 196 तलवारें मिलीं। पुलिस ने मौके से ग्राइंडर, वेल्डिंग और पॉलिशिंग मशीनें भी अपने कब्जे में ले ली हैं।
कहां होनी थी इन तलवारों की सप्लाई?
सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर इतनी बड़ी तादाद में तलवारें किसके लिए बनाई जा रही थीं? क्या इन्हें किसी दंगे या बड़ी साजिश के लिए तैयार किया जा रहा था या फिर इनकी सप्लाई किसी दूसरे राज्य में होनी थी? थाना इंचार्ज विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अब पुलिस इनके नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
पढ़ें ये खबरें
- लखनऊ: कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध हालत में मिला UPSC छात्र का शव, मची सनसनी
- ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज: बैलगाड़ी में की सवारी, बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरके, युवाओं से कहा- शरीर का कतरा-कतरा आपके लिए न्योछावर
- Lakhimpur Kheri News: बुजुर्ग किसान की हत्या के बाद कोहराम, शव उठाने गई पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ा
- रीवा में तहसील भवन के लोकार्पण पर भाजपा नेताओं में तीखी तकरार, शिलापट्टिका पर नाम नहीं होने से MLA पर भड़के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी
- मोतिहारी में कचहरी चौक पर वर्दी पहन जमा रहा था रौब, रंगे हाथों धरा गया फर्जी पुलिसकर्मी

