अयोध्या. राम मंदिर में दान चोरी के मामले को लेकर चर्चा के बीच श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है. ट्रस्ट ने राम मंदिर निर्माण परियोजना के प्रमुख इंजीनियर जगदीश आफले को नया सचिव बनाने की तैयारी पूरी कर ली है. उनके नाम पर आगामी 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में औपचारिक मुहर लगने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- UP के बुनकरों के लिए बड़ी खुशखबरी! बिजली योजना में होगा बड़ा बदलाव

2 सितंबर की बैठक में लगेगी मुहर

ट्रस्ट सूत्रों के अनुसार, सचिव पद पर जगदीश आफले की नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है. इस फैसले के साथ राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. बैठक में प्रवक्ता और सीईओ पदों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं.

कौन हैं जगदीश आफले?

महाराष्ट्र के पुणे निवासी जगदीश आफले पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं. उन्होंने आईआईटी मुंबई से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की है. इसके बाद यूरोप और अमेरिका की कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों में लंबे समय तक सेवाएं दीं. सेवानिवृत्ति के बाद भारत लौटकर उन्होंने बिना वेतन राम मंदिर निर्माण परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में जिम्मेदारी संभाली. वर्तमान में वे अपनी पत्नी के साथ अयोध्या स्थित ट्रस्ट भवन में रह रहे हैं.

सीईओ पद के लिए 5,200 आवेदन

ट्रस्ट ने पहले ही सीईओ, सचिव और प्रवक्ता के पद सृजित करने का निर्णय लिया था. सीईओ पद के लिए करीब 5,200 आवेदन मिले हैं. इनकी जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली समिति कर रही है. स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस पद पर भी नियुक्ति की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- मानसून का नया वारः यूपी के इन जिलों में आज मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी

SBI खातों के संचालन की भी जिम्मेदारी

ट्रस्ट ने एक नए प्रस्ताव के तहत जगदीश आफले को एसबीआई में अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी नियुक्त किया है. इसके बाद ट्रस्ट के बैंक खातों के संचालन की प्रक्रिया फिर से सुचारू हो गई है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ट्रस्ट के प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण होगी.