लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को भी प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
हालांकि कई जिलों में भीषण उमस से लोग परेशान हैं. जहां बारिश हो रही है वहां लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ गया है.
इसे भी पढ़ें- काली कमाई पर नकेलः माफिया अतीक अहमद की 110 करोड़ की जमीन कुर्क, जानिए काले साम्राज्य की पूरी कुंडली
मेरठ में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक 80.8 मिमी बारिश मेरठ में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा बिजनौर में 80 मिमी, शाहजहांपुर और कानपुर में 79-79 मिमी बारिश दर्ज हुई. पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में दिनभर झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक बुधवार को मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मेरठ, अमरोहा और मुरादाबाद समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, संभल, झांसी, ललितपुर, बाराबंकी, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है.
लखनऊ में भी बदलेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें- अधिवक्ता केवल मुकदमे नहीं लड़ते, बल्कि… CM योगी का बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट परिचय समारोह को किया संबोधित, कही बड़ी बात
30 जुलाई के बाद बदल सकता है मौसम
सीनियर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसून ट्रफ फिलहाल सामान्य स्थिति में बनी हुई है, जिससे बारिश का दौर जारी है. हालांकि 30 जुलाई के बाद अगले चार से पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने साथ ही बिजली चमकने पर सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है.


