पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को अपनी तीन दिवसीय धार्मिक यात्रा के अंतिम दिन वृंदावन के निधिवन और राधारमण मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे परिवार के साथ गोकुल स्थित रमन रेती आश्रम पहुंचे, जहां संतों का आशीर्वाद लिया।

मथुरा। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को अपनी तीन दिवसीय धार्मिक यात्रा के अंतिम दिन वृंदावन के प्रसिद्ध निधिवन और राधारमण मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे परिवार के साथ गोकुल स्थित रमन रेती में गुरु शरणानंद महाराज के आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संतों का आशीर्वाद लिया।

रामनाथ कोविंद शुक्रवार को तीन दिवसीय धार्मिक यात्रा के लिए वृंदावन पहुंचे थे। रविवार को यात्रा के आखिरी दिन मंदिरों में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद उनका काफिला वृंदावन से दिल्ली के लिए रवाना होगा।

कई स्थानों पर पहुंचे

पूर्व राष्ट्रपति ने शनिवार को वृंदावन के कृष्ण-बलराम इस्कॉन मंदिर और रामकृष्ण मिशन अस्पताल का भी दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने संतों का हाल-चाल जाना था।

परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर पहुंचे रामनाथ कोविंद ने अपने प्रवास को अद्भुत और यादगार बताया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर साक्षात भगवान राधा-कृष्ण का वास है, वह भूमि अपने आप में धन्य है और जहां हर दिन की शुरुआत राधे-राधे से होती है, वह स्थान प्रभु की पावन नगरी ही हो सकता है।

यह भी पढ़ें: 15 अगस्त को निकलेगी भगवान राम की पालकी यात्रा, स्वर्ण जड़ित चांदी के झूले में विराजेंगे रामलला

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पूर्व राष्ट्रपति के वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। जिन मंदिरों में उन्होंने दर्शन किए, वहां बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई थी।

दर्शन और संतों से मुलाकात के बाद कुछ ही देर में पूर्व राष्ट्रपति का काफिला वृंदावन के वेदांता होटल से दिल्ली के लिए रवाना होगा।