Ramayana: मुंबई। नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। अब फिल्म के दूसरे किरदारों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच ‘पंचायत’ में प्रह्लाद चाचा के किरदार से पहचान बनाने वाले एक्टर फैजल मलिक ने अपने रोल को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। वह फिल्म में रावण के भाई कुंभकर्ण की भूमिका निभा रहे हैं और इस किरदार की तैयारी के लिए उन्होंने हॉलीवुड के सुपरहीरो हल्क से प्रेरणा ली।

कुंभकर्ण के लुक के लिए हल्क बना रेफरेंस

वैरायटी इंडिया से बातचीत में फैजल मलिक ने बताया कि कुंभकर्ण जैसा विशाल किरदार निभाने के लिए उन्हें एक ऐसे रेफरेंस की जरूरत थी, जिससे उसके आकार और व्यक्तित्व को समझ सकें। ऐसे में उन्हें मार्वल की फिल्मों में हल्क का किरदार याद आया, जिसे एक्टर मार्क रफालो ने निभाया है।

फैजल के मुताबिक, हल्क के सामान्य इंसान से एक बड़े और ताकतवर रूप में बदलने का अंदाज उनके लिए उपयोगी संदर्भ बना। कुंभकर्ण भी कोई साधारण इंसान नहीं, बल्कि विशालकाय व्यक्तित्व वाला पात्र है। इसलिए उसके हाव-भाव और स्क्रीन पर मौजूदगी को प्रभावशाली बनाना उनके लिए एक बड़ी चुनौती रही।

‘रामायण’ का हिस्सा बनना बचपन के सपने जैसा

फैजल मलिक ने कहा कि ‘रामायण’ में कुंभकर्ण का किरदार निभाना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। वह बचपन से रामायण देखते हुए बड़े हुए हैं और ऐसे में इस महागाथा के किसी किरदार को पर्दे पर निभाने का मौका मिलना उनके लिए खास अनुभव है।

हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि इस किरदार को निभाना आसान नहीं था। कुंभकर्ण की विशाल काया, उसकी अलग शारीरिक बनावट और छह महीने तक गहरी नींद में रहने से जुड़ी मान्यता को ध्यान में रखते हुए किरदार को पर्दे पर उतारना अपने आप में चुनौतीपूर्ण काम है।

अरुण गोविल की राम के रूप में आज भी अलग पहचान

बातचीत के दौरान फैजल मलिक ने रामानंद सागर की टीवी सीरीज ‘रामायण’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस सीरियल के किरदार और उन्हें निभाने वाले कलाकार आज भी लोगों की यादों में बसे हुए हैं। अरुण गोविल ने दशकों पहले भगवान राम की भूमिका निभाई थी, लेकिन आज भी दर्शक उन्हें उसी रूप में याद करते हैं।

फैजल के मुताबिक, पहले से लोगों के दिलों में जगह बना चुके इन किरदारों को नए अंदाज में पेश करना फिल्म की टीम के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कुंभकर्ण को एक अलग पहचान देना भी उनके लिए अहम रहा है।

‘पंचायत’ के प्रह्लाद चाचा जैसा प्यार मिलने की उम्मीद

‘पंचायत’ में प्रह्लाद चाचा के किरदार ने फैजल मलिक को घर-घर में पहचान दिलाई। अब वह चाहते हैं कि दर्शक उन्हें कुंभकर्ण के रूप में भी उसी अपनापन और प्यार के साथ स्वीकार करें। उनके लिए यह भूमिका अपने अभिनय के एक नए पहलू को सामने लाने का मौका है।

फैजल ने बताया कि डायरेक्टर नितेश तिवारी कुंभकर्ण के लुक और उसके व्यक्तित्व को लेकर खास ध्यान दे रहे हैं। किरदार की विशाल बनावट और उसकी अलग पहचान को पर्दे पर प्रभावी ढंग से दिखाने के लिए मेकर्स ने काफी काम किया है। अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का इंतजार है, ताकि वे फैजल मलिक को इस नए और चुनौतीपूर्ण रोल में देख सकें।

Malaika Arora: अबाया पहन शेख जायेद ग्रैंड मस्जिद पहुंचीं मलाइका अरोड़ा, बोलीं- कुछ जगहें दिल को छू जाती हैं

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m