Ramdevra Bhadva Mela: राजस्थान के जैसलमेर जिले के रामदेवरा धाम में भादवा मेले से पहले एक दुकान में गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पोकरण दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और समय रहते आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। दुकान में मौजूद कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल गए।

रामदेवरा में इन दिनों लोक देवता बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भादवा मेले का औपचारिक आगाज 13 सितंबर को होना है, लेकिन उससे पहले ही धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी है। ऐसे में आग की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
समय रहते बुझाई गई आग
अधिकारियों के अनुसार दुकान में गैस सिलेंडर फटने के बाद आग लगी। धमाके के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पोकरण दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकल कर्मी सुरेश कुमार ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। इससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। आग लगते ही दुकान में मौजूद कर्मचारी जान बचाकर बाहर निकल आए। रामदेवरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
10 दिन पहले भी सिलेंडर से लगी थी आग
रामदेवरा में इससे पहले 29 अगस्त को भी सिलेंडर से आग लगने की घटना सामने आई थी। पोकरण के रामदेवरा रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास स्थित अन्नपूर्णा भोजनालय में खाना बनाते समय सिलेंडर के वॉल्व से गैस लीकेज हो गई थी। इसके बाद आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सिलेंडर को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। समय रहते आग नहीं बुझती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मेले से पहले अग्नि सुरक्षा पर सवाल
पिछली घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई थी। भादवा मेले को देखते हुए प्रशासन ने व्यापारियों, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य करने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद आरोप है कि कई दुकानदारों ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया और प्रशासन भी इनकी पालना सुनिश्चित नहीं कर सका। अब मेले से पहले एक बार फिर दुकान में सिलेंडर फटने की घटना सामने आने से अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
पढ़ें ये खबरें
- इंदौर कांग्रेस के ‘केंद्रीय पर्यवेक्षक’ पर BJP का हमला ! बोले- लोकतंत्र और संविधान की बात करने वाली पार्टी को बताना चाहिए कि क्या संगठन चलाने के लिए अब ऐसे ही चेहरे बचे ? राहुल गांधी से भी मांगा जवाब
- महाराष्ट्र की सियासत के अजब खेलः एक मंच पर सीएम फडणवीस, उद्धव और राज ठाकरे, तीनों का मजाकिया अंदाज ने लोगों का ध्यान खींचा
- छठ से पहले यमुना में मनोज तिवारी ने लगाई डुबकी, केजरीवाल को भी दिया न्योता
- 2 नवंबर को दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस की अहम बैठक, आदिवासी मुद्दों और संवैधानिक अधिकारों पर होगा मंथन
- योगी जी, यही हैं अच्छे दिन! 500 रुपये में बिक रही 266 की यूरिया, चंद्रशेखर ने सरकार को घेरते हुए दिया बड़ा बयान
