रामगढ़। रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां कोयला लदे एक हाइवा का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे करीब आधा दर्जन वाहनों से जा टकराया। हादसे में दर्जनों यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को दुर्घटनास्थल से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कई घंटे तक जाम रहा एनएच-33
दुर्घटना के बाद चुटूपालू घाटी में वाहनों की लंबी कतार लग गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित रहा। रामगढ़ थाना पुलिस ने एनएचएआई की रेस्क्यू टीम की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया, ताकि यातायात को सामान्य किया जा सके।पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना में शामिल वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है।

