रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले की चुट्टूपालू घाटी में रविवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित कंटेनर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई और उसमें सवार पांच लोग अंदर फंस गए। पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंटेनर का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कंटेनर भी सड़क पर पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रामगढ़ थाना के सब-इंस्पेक्टर सुमंत कुमार राय के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब दो घंटे के बचाव अभियान के बाद पांचों लोगों को बाहर निकालकर सदर अस्पताल, रामगढ़ पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने एक महिला समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो गंभीर घायलों को रिम्स रेफर किया गया, जबकि एक घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
रांची से हजारीबाग जा रहे थे कार सवार
हादसे में घायल महिला रीना चक्रवर्ती के अनुसार, वे लोग रांची से हजारीबाग जा रहे थे। इसी दौरान चुट्टूपालू घाटी में कंटेनर ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
कार में चालक राजू कुमार के अलावा पी. चक्रवर्ती और एस. चक्रवर्ती समेत पांच लोग सवार थे। हालांकि, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
तीन घंटे तक लगा रहा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद कंटेनर सड़क पर पलट गया, जिससे रांची-पटना मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। देखते ही देखते घाटी में वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने एक लेन से दोनों ओर के वाहनों का परिचालन शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने में करीब तीन घंटे लग गए। इसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।

