बरकाकाना (रामगढ़)। रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र में सोमवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लोको चौक के समीप सीमेंट लदे एक 10 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई। आग ट्रक के पिछले हिस्से और चक्के के पास से शुरू हुई और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि ट्रक रामगढ़ की ओर से आ रहा था। लोको चौक के पास पहुंचते ही चालक को ट्रक के पिछले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही पिछले चक्के के पास आग की लपटें उठने लगीं।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल गया। समय रहते चालक के बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, दमकल ने बुझाई आग

ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही बरकाकाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रामगढ़ अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची।अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, आग की वजह से ट्रक को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

ट्रक का नंबर JH10 DJV0426 बताया गया है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।