कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित खमरिया थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें अब कानून और पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा। बेखौफ बदमाशों की दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आरोपियों ने न केवल एक कार सवार युवक और उसके परिवार की बर्बरता से पिटाई की, बल्कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी पर हमला कर उसकी वर्दी तक फाड़ दी।
बचाने आए परिवार पर भी किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत तब हुई जब बदमाशों ने कार से जा रहे एक युवक को रास्ते में रोककर उसकी पिटाई शुरू कर दी। जब युवक का परिवार बीच-बचाव करने पहुंचा, तो बदमाशों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनकी भी जमकर मारपीट की। पीड़ित परिवार किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला, लेकिन 20 से 25 लोगों की भीड़ ने उनका घर तक पीछा किया और दोबारा हमला बोल दिया।
112 पर फोन कर बुलाया, फिर पुलिसकर्मी की पिटाई कर फाड़ी वर्दी
हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों ने खुद ही डायल 112 पर फोन करके पुलिस को बुलाया। सूचना मिलते ही जब एक पुलिसकर्मी अकेले मौके पर पहुंचा, तो उपद्रवियों ने उस पर भी हमला कर दिया। 20 से 25 लोगों की उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मी की बेरहमी से पिटाई की और उसकी वर्दी फाड़ दी।
विभाग ने पीड़ित पुलिसकर्मी को ही किया ‘लाइन हाजिर’
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पीड़ित पुलिसकर्मी अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचा। आरोप है कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने ही साथी की शिकायत को अनदेखा कर दिया और मामले में त्वरित कार्रवाई करने के बजाय उल्टा घायल पुलिसकर्मी को ही लाइन हाजिर कर दिया गया। अपने ही थाने में सुरक्षित महसूस न कर पाने और विभाग के इस रवैये से पुलिसकर्मियों के मनोबल पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल इस घटना के बाद से खमरिया क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल है।
IPS राजाबाबू सिंह और DP गुप्ता का बढ़ा कद, बनाए गए स्पेशल DG; गृह विभाग ने जारी किए आदेश
इंदौर DCP जोन-4 सुनील मेहता का स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति आवेदन मंजूरः 31 अगस्त से लेंगे VRS
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


